महासमुन्द

एक साल के कार्यकाल में बढ़ा भ्रष्टाचार का ग्राफ -विनोद चंद्राकर
29-Dec-2024 4:37 PM
 एक साल के कार्यकाल में बढ़ा भ्रष्टाचार का ग्राफ -विनोद चंद्राकर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 दिसंबर।
पूर्व संसदीय सचिव व महासमुंद के पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के एक साल के विफल कार्यकाल में कानून व्यवस्था चरमरा गई है और आम जनता बदहाल है। महिलाओं के खिलाफ जघन्य अपराध हो रहे हैं।  जिसकी गिनती नहीं है। 33 हजार शिक्षकों की भर्ती में अब तक सरकार की ओर से किसी भी प्रकार की पहल नहीं हुई। प्रदेश के सभी बड़े व छोटे औद्योगिक क्षेत्र में स्थानीय युवाओं की जगह बाहरी लोगों को नौकरी दिया जा रहा है। प्रदेश में लगातार आपराधिक गतिविधियों और नशे के व्यापार में इजाफा होता जा रहा है। धान का उचित समर्थन मूल्य की वादाखिलाफी और खरीदी केंद्रों में व्याप्त अव्यवस्थाओं से किसान अत्यधिक परेशान हैं। 

उन्होंने जारी विज्ञप्ति में आगे कहा कि अपने वादों के अनुरूप किसानों को एकमुश्त पैसा 3100 रुपए व केंद सरकार द्वारा एमएसपी में की गई वृद्धि 117 रुपए सहित 3217 रुपए देना छोड़ उनके साथ छल करने का कुत्सित कार्य भाजपा की सरकार ने किया है। वर्तमान में किसानों को 2300 रुपए ही भुगतान किया जा रहा है। शेष राशि कब और कैसे प्रदान किया जाएगा इस पर सरकार का नियत स्पष्ट नहीं है। इसके अलावा समितियों में धान जाम है। प्रदेश सहित महासमुंद जिले के कई केंद्रों में धान खरीदी बंद हो गई है। महतारी वंदन योजना में बड़े-बड़े कारनामे सामने आ रहे हैं। प्रदेश में लगातार यातायात की अव्यवस्थाओं से बड़े हादसे हो रहे हैं। कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। आदिवासियों की देवभूमि हसदेव जंगल की कटाई अनवरत जारी है। विरोध करने वाले आदिवासियों पर झूठे अपराधिक मामले दर्ज किये जा रहे हैंए उन पर लाठियां बरसाई जा रही है।  

विपक्ष में रहते 5 सालों तक शराबबंदी की ढोल पीटने वाली भाजपा की सरकार आज युवाओं का भविष्य बर्बाद करने नई.नई शराब नीति बनाकर शराब की बिक्री बढ़ाने होटल ढाबों में शराब बेच रही है। सरकार ने पूरे प्रदेश को अपराध की ओर झोंक दिया है।

 भाजपा की साय सरकार महज एक साल में सिर्फ भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का ही कार्य किया है न कि रोकने का। अपराधियों में कानून का डर नहीं है। प्रदेश में जगह-जगह धान चोरी का आरोप लगाकर हत्याएं की जा रही है। महंगाई कम करने सरकार के पास कोई नीति नहीं है। महंगाई बेतहाशा बढ़ रही है। घर का बजट बिगड़ गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने में सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। आए दिन बड़ी संख्या में दूसरे प्रदेशों में पलायन हो रहा है।

श्री चंद्राकर ने कहा कि किसानों के न्याय योजना की चौथी किस्त तक भाजपा सरकार डकार गए। विष्णु की सुशासन वाली भाजपा सरकार ने लगातार सिर्फ  हत्या, लूट, डकैती, चोरी, चैन स्नैचिंग, नशीले पदार्थ का व्यापार,अवैध शराब बिक्री, जुआ.सट्टा सहित जघन्य अपराध प्रदेश की जनता को उपहार में दिया है।

 


अन्य पोस्ट