महासमुन्द

महिला आयोग टीम का पचरी में मौका मुआयना, कहा-सरपंच पति पंचायत के काम में दखल न दें
29-Dec-2024 2:36 PM
महिला आयोग टीम का पचरी में मौका मुआयना,  कहा-सरपंच पति पंचायत के काम में दखल न दें

पीडि़ता की पुश्तैनी जमीन पर अवैध कब्जा, 50 पेड़ काटकर रास्ता बंद करना पाया 

प्रताडऩा भी मिली, 2 बार थाने में शिकायत की लेकिन थानेदार चुप रहे-आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 दिसंबर।
राज्य महिला आयोग की टीम कल एक मामले को लेकर ग्राम पचरी पहुंची थी। मौके पर पहुंची टीम ने स्थल निरीक्षण  में पाया कि प्रार्थिया की पुश्तैनी जमीन पर अवैध कब्जा हुआ है, 50 पेड़ काटकर रास्ता बंद कर दिया गया है। प्रार्थी को प्रताडऩा भी मिली है। 

पाया गया कि परेशान महिला ने 2 बार पटेवा थाने में मामले की शिकायत की, लेकिन थानेदार चुप रहे। सरपंच पर मामला निपटाने हेतु 13 हजार 800 रुपए लेने का आरोप भी लगा। आयोग की अगली सुनवाई 16 जनवरी को है, जिसमें 50 वर्ष का जमीन रिकार्ड मंगवाया गया है और कहा गया है कि सरपंच पति पंचायत के हर कार्य में दखल न दें। 

मालूम हो कि छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग रायपुर में गत दिनों ग्राम पचरी निवासी आवेदिका चित्रकुमारी बंजारे ने शिकायत की थी कि गांव के अनावेदक क्रमश: पचरी सरपंच हेमलता डड़सेना, सरपंच पति पुरुषोत्तम डड़सेना उर्फ  पवन डड़सेना (पटेवा के शासकीय प्राथमिक स्कूल में शासकीय शिक्षक) द्वारा उन्हें मानसिक प्रताडऩा दी जाती है। ग्राम लामी के सरपंच बिलाल लोधी द्वारा आवेदिका की पुश्तैनी जमीन पर कब्जा किया गया है। जमीन पर लगे 40-50 पेड़ों को काटकर ले गये हैं। अवैध कब्जा कर फेंसिंग तार से आम रास्ते को बंद कर दिया गया है। मामला निपटाने के लिए 13800 रुपए सरपंच पति ने अलग से लिया है। 

आवेदिका की शिकायत पर टीम कल पचरी पहुंची और जांच की गई तो अनावेदकों ने अवैध कब्जा करना, आम रास्ता बंद करने जैसी शिकायतों को ग्रामीणों एवं पटेवा थाना प्रभारी के समक्ष स्वीकार किया। इससे पहले आवेदिका ने इसकी लिखित सूचना पटेवा थाने में दी थी लेकिन तत्कालीन थाना प्रभारी ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसी बीच उक्त थाना प्रभारी का स्थानांतरण महासमुंद हो गया। 

इस प्रकरण में वर्तमान थाना प्रभारी पटेवा द्वारा भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। लिहाजा शिकायत पर मौका जांच एवं निराकरण के लिए छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग के सदस्य सरला कोसरिया एवं लक्ष्मी वर्मा को नियुक्त किया गया था। कल इस टीम ने उक्त प्रकरण के संबंध में घटना स्थल का निरीक्षण किया। 

शिकायत के आधार पर अनावेदकों द्वारा अवैध रूप से कब्जा करना, आवेदिका की जमीन पर 40-50 पेड़ों को काट कर ले जाना, आम रास्ता को बंद करना जैसी शिकायतों को ग्रामीणों के समक्ष एवं थाना प्रभारी पटेवा के समक्ष स्वीकार किया। स्थल निरीक्षण पश्चात ग्राम पंचायत भवन पचरी में ग्राम सभा कर इस प्रकरण के संबंध में दोनों पक्षकारों और आम जनता से पूछताछ कर पूरी जानकारी ली गई। 

ग्रामीणों ने बताया कि सरपंच पति द्वारा ही पंचायत का सारा काम किया जाता है। सरपंच को कुछ पता ही नहीं रहता और सरपंच के हर काम में सरपंच पति का दखल रहता है। 
इस प्रकरण की अगली एवं अंतिम सुनवाई कार्यालय छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग में आगामी 16 जनवरी को आवेदिका, अनावेदक एवं पटवारी और आर आई को इस जमीन से संबंधित 50 वर्ष तक के रिकार्ड अथवा दस्तावेज लेकर उपस्थित होने के लिए निर्देशित किया गया है।
 


अन्य पोस्ट