महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 दिसंबर। महासमुंद पुलिस की एन्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स एवं थाना बलौदा की संयुक्त टीम ने अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी करते 2 अंतरराजीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को चकमा देने के लिए तस्करों ने गाड़ी में कपास बीज भरकर ड्राइवर सीट के पीछे गुप्त चैंबर बनाकर गांजे को छिपाया था।
आरोपियों के कब्जे से 164 किलो ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा कीमती 32 लाख 80 हजार रुपए,14 चक्का ट्रक कीमत 20 लाख, 2 नग मोबाइल कीमती 12 हजार कुल 52 लाख 92 हजार रुपए बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक 25 दिसंबर को पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज के माध्यम से सूचना मिली कि एक सफेद रंग के 14 चक्का ट्रक में अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर ओडिशा से महासमुंद की ओर आ रहा है। उक्त सूचना पर टीम ने सिरपुर नाका ओडिशा बॉर्डर के पास नाकाबंदी कर उक्त वाहन को रोका।
वाहन में 2 व्यक्ति सवार थे। नाम पता पूछने पर दोनों ने अपना नाम बलबीर कुशवाहा तथा अखिलेश अहिरवार दोनों निवासी मप्र तथा ओडिशा आने क़ा कारण कपास लेकर ओडिशा से राजस्थान लेकर जाना बताया। वाहन की तलाशी लेने पर कपास का बीज तो मिला ही साथ ही केबिन को चेक करने पर ड्राइवर के सीट के पीछे गुप्त चैम्बर में 158 पैकेट गांजा मिला।
मौके पर ही दोनों के खिलाफ विधिवत कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से 158 पैकेट भूरे रंग के टेप से टैपिंग किया हुआ कुल 164 किग्रा. अवैध मादक पदार्थ गांजा कीमती 32 लाख 80 हजार रुपए जब्त किया गया। आरोपियों के खिलाफ थाना बलौदा में अपराध धारा 20ख एनडीपीएस के तहत् कार्रवाई कर दोनों को जेल भेजा गया है।