महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 दिसंबर। मुडिय़ाडीह में स्वीकृत रेत घाट को निरस्त करने की मांग को लेकर कल दर्जनों ग्रामीणों ने कलेक्टोरेट का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान अनेक ग्रामीण अनशन की चेतावनी देते हुये अनशन में बैठने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन कलेक्टर से मिले आश्वासन के बाद उन्होंने इस निर्णय को बदल दिया। घेराव के दौरान कुछ महिलाएं कलेक्टोरेट के भीतर जाने के लिये लगे ग्रील गेट पर चढक़र प्रदर्शन कर रही थीं।
इसे देख ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिस ने उन्हें समझाइश देकर वापस नीचे उतारा। बाद में ग्रामीण सहित पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा ने कलेक्टोरेट से चर्चा कर रेत घाट निरस्त करने के लिये कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम मुडिय़ाडीह में रेत घाट के कारण रेत माफिया और ग्रामवासियों के बीच प्रतिदिन वाद-विवाद होता रहता है। जिससे कभी भी अप्रिय घटना घट सकती है। रेत घाट के संचालन से गांव की सडक़ पर हमेशा भारी वाहनों का आवागमन रहता है। लगातार भारी वाहन चलने से सडक़ अब पैदल चलने लायक भी नहीं रह गई है। जिससे ग्रामीणों को आवागमन में कठिनाई हो रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में किसी की तबीयत खराब होने पर एम्बुलेंस, महतारी एक्सप्रेस वाहन गांव नहीं पहुंच पाती। सडक़ खराब होने के से कारण गांव के बच्चे 5 वीं तक ही पढ़ाई कर पा रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सडक़ किनारे प्राथमिक स्कूल संचालित है। रेत खदान में आने-जाने वाले वाहनों की धूल स्कूल में घुस रही है। जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। रेत घाट में रेत के दलाल व अन्य कर्मचारी गांव में शराब पीकर घूमते हैं। जिससे महिलाएं घर से बाहर निकलने में डरती हैं।
कल ग्रामीण कलेक्टोरेट पहुंचे, लेकिन बैरिकेड्स की वजह से उन्हें बाहर की रोक दिया गया। बाद में पूर्व विधायक डॉ. चोपड़ा की मध्यस्थता के बाद कुछ ही ग्रामीणों को कलेक्टर के पास जाने दिया गया। कलेक्टर से मिलकर ग्रामीणों ने ग्राम मुडिय़ाडीह जाने वाले रास्ते, अवैध रेत खनन व परिवहन और अन्य समस्याओं को अवगत कराया और कहा कि मुडिय़ाडीह के ग्रामीण पिछले 20 साल से सडक़ की मांग कर रहे हैं। रेत घाट से निकलने वाले ट्रकों से गांव की सडक़ें खराब व जर्जर हो चुकी है।
डॉ. विमल चोपड़ा ने कहा कि रेत माफिया द्वारा अब ग्रामीणों को धमकाया जा रहा है। जिसके कारण ग्रामीणों में दहशत व्याप्त हो चुकी है। रेत खनन व परिवहन होने से गांव तक पहुंचने वाला ढाई से तीन किलोमीटर का रास्ता जो पहले से ही कच्चा थी, वो अब बड़े-बड़े हाइवा के चलने से और भी खराब हो चुकी है।
किसी व्यक्ति के साथ कोई आपातकालीन स्थिति घटित हो गई तो गांव तक पहुंचने के लिए कोई वाहन भी रास्ते पर चलने की स्थिति में नहीं है। ग्राम मुडिय़ाडीह में पक्की सडक़ बनाने और अवैध रेत खनन व परिवहन को बंद करवा कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।