महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 दिसंबर। प्रेमी के शादी से मुकरने के बाद युवती द्वारा आत्महत्या मामले में तेंदूकोना पुलिस ने जांच के बाद आरोपी प्रेमी के खिलाफ जुर्म दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि 25 दिसंबर को भुनेश्वरी दीवान धामनतोरी थाना तेंदूकोना ने आत्महत्या कर ली थी। इस मामले की जांच की गई है। जांच के दौरान मृतका के पिता भोलाराम दीवान, मां फिरंतीन बाई, चाचा पंचराम दीवान, चाचा पंचूराम दीवान, चाची अरूण बाई एवं गवाह लोकनाथ दीवान का कथन लिया।
इस दौरान पता चला कि आरोपी अर्जुन घर वाले गांव के लोगों के कहने पर शादी करने के लिए राजी हुए थे, लेकिन उसके बाद वह युवती से गाली गलौज कर तेरे साथ शादी नहीं करूंगा, तू मर जा कहकर प्रताडि़त किया। जिसके चलते युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मामले में आरोपी अर्जुन दीवान के खिलाफ धारा 108 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।
जानकारी के अनुसार 26 अक्टूबर को गांव का युवक अर्जुन दीवान गांव की एक युवती के घर घुस कर रात में बलात घुसकर लडक़ी के साथ जबरदस्ती की। रात भर युवती के कमरे में रहा और दूसरे दिन सुबह 5 बजे अर्जुन दीवान युवती के घर से छुपकर निकल रहा था कि परिजनों ने देख लिया। उसे पकडक़र गांव की बैठक हुई तो बैठक में युवक ने युवती से प्यार करने और उसी से शादी के लिए लिखित राजीनामा हुआ। 27 अक्टूबर को ही दोनों की शादी बैठक में तय कर दी गई। उसी दिन युवक तालाब से नहा कर आता हूं कहकर लडक़ी के घर से निकल भागा और युवती के फोन पर कहा कि मैं तुमसे शादी नहीं करूंगा।