महासमुन्द

शहीद वीरनारायण सिंह के वंशजों ने निकाली विजय मशाल यात्रा
27-Dec-2024 3:07 PM
शहीद वीरनारायण सिंह के वंशजों ने निकाली विजय मशाल यात्रा

निशा घाटी अब वीर घाटी कहलाएगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

  पिथौरा, 27 दिसंबर। शहीद वीरनारायण सिंह के वंशजों ने बिंझवार समाज के प्रदेश अध्यक्ष बेदराम बरिहा के नेतृत्व में सोनाखान स्थित शहीद के घर से ओडिशा सीमा पर स्थित निशा घाटी तक मशाल यात्रा निकाल कर शहीदों की शहादत को याद किया। कार्यक्रम के मुख्य सहयोगी पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू थे।

  छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा की निशा घाटी (सिंघोड़ा) में गुरुवार को अमर शहीदों के जयकारे के साथ विजय दिवस संपन्न हुआ। कार्यक्रम में दोनों राज्य के 3000 से अधिक लोग शामिल हुए।

निशा घाटी में ही एक सभा आयोजित की गई। इस सभा एवं कार्यक्रम में वीरेंद्र सिंह बरिहा की अध्यक्षता में महासमुंद के पूर्व सांसद चुन्नी लाल साहू, विधायक नीलकंठ टेकाम, शहीद वीर नारायण सिंह के वंशज राजेंद्र दिवान, शहीद माधो सिंह के वंशज तारिणी बरिहा, समाज प्रमुख सर्व वेद राम बरिहा, कल्याण सिंह, सुकालू राम, आनंद, टीमन, राज कुमार,सर्व आदिवासी समाज के आर एन ध्रुव, संवरा समाज के जय देव वक्ता के रूप में आमंत्रित थे। सभा में मांग की गई कि जिस प्रकार ओडिशा सरकार शहीदों के सम्मान में योजनाएं चला रही है, उसी प्रकार छत्तीसगढ़ सरकार भी शहीद वीर नारायण सिंह के इतिहास को पाठ्यक्रम में शामिल कर शैक्षणिक योजनाएं लागू करे। सभा में भारी भीड़ को देख कर आयोजक खासे उत्साहित थे।

निशा घाटी अब वीर घाटी कहलाएगी

निशा घाटी में भारी भीड़ भरी सभा में यह भी निर्णय लिया गया कि अब सिंघोड़ा-निशा घाटी को ‘वीर घाटी’ के नाम से जानी जाएगी।

मशाल यात्रा में सैकड़ा भर दुपहिया शामिल

 उक्त मशाल यात्रा में करीब 100 दुपहिया शामिल हुईं। सोनाखान से निकली विजय यात्रा पहले बसना पहुंची। यहां मुख्य वीरनारायण सिंह चौक में शहीद को नमन कर छोटी सभा हुई। इसके बाद पूरी यात्रा 26 दिसम्बर को सराईपाली के आगे निशा घाटी पहुंची, जहां दोपहर 12 बजे से करीब 4 घण्टे से अधिक समय तक सभा चली।


अन्य पोस्ट