महासमुन्द

अटल ने छत्तीसगढ़ राज्य बनाकर विकास की धारा से जोड़ा-रूपकुमारी
27-Dec-2024 2:46 PM
अटल ने छत्तीसगढ़ राज्य बनाकर विकास की धारा से जोड़ा-रूपकुमारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 दिसंबर।
नगर पंचायत तुमगांव के भाटापारा वार्ड सामुदायिक भवन में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर सुशासन दिवस पर अटल परिसर का भूमिपूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद रूपकुमारी चौधरी थीं। अध्यक्षता विधायक राजू सिन्हा ने की। विशिष्ट अतिथियों में नपं अध्यक्ष राकेश चंद्राकर, नपं उपाध्यक्ष पप्पू पटेल, भाजपा नेता मोती साहू, चैनू साहू, सभापति धर्मेंद यादव, सांसद प्रतिनिधि नरेंद्र गिरी, पार्षद गंगा निषाद, उदयराम साहू, सुनील शर्मा, केके साहू, राजकुमार नेताम, कमल आदि रहे।

स्वागत उद्बोधन में नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश चंद्राकर ने कहा कि आज पूरा छत्तीसगढ़ पूर्व प्रधानमंत्री अटल की जयंती को सुशासन दिवस के रूप में मना रहा है। तुमगांव में भी हम सभी उस महान व्यक्तित्व का स्मरण कर रहे हैं, जिसने हमें छत्तीसगढ़ राज्य की सौगात दी। उन्होंने पिछले पांच सालों में नपं क्षेत्र त्र में हुए विकास कार्यों का विस्तार से जानकारी दी। 
उन्होंने कहा कि नपं क्षेत्र के 30 एकड़ भूमि को कब्जा मुक्त कराकर नगर पंचायत के लोगों के लिए अनेक निर्माण कार्य उस भूमि पर कराया गया है। आगामी समय में 10 एकड़ भूमि को और कब्जा मुक्त करना है। पिछले 5 सालों में अस्पताल, एनीकट, जलावर्धन योजना, सडक़, नाली, मूलभूत सुविधाओं के कार्य हुए।

मुख्य अतिथि रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि सुशासन का अर्थ है सबका साथ सबका विकास। जिसे भाजपा अपना ध्येय वाक्य बनाकर काम कर रही है। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सतत विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने अटल को याद करते हुए कहा कि अटल ने छत्तीसगढ़ राज्य बनाया। जिसका परिणाम स्वरूप आज तुमगांव जैसे छोटे गांव नगर पंचायत बना। जहां अनवरत विकास कार्य हो रहे हैं। पीएम मोदी की सोच है कि भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बने। इसके लए अनेक योजनाएं संचालित है। जिससे देश का प्रत्येक नागरिक समृद्ध बन सके।

विधायक राजू सिन्हा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ राज्य की सौगात दी। अटल ने कभी किसी के साथ भेदभाव नहीं किया। वे सबका साथ सबका विकास की सोच रखते थे। जिसे आज केंद्र की मोदी सरकार व राज्य के विष्णु देव सरकार पूरा कर रहे हैं। कार्यक्रम को उपाध्यक्ष पप्पू पटेल ने भी संबोधित किया। संचालन पार्षद उत्तम निर्मलकर व धर्मेंद यदु ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर समस्त पार्षद गण, सीएमओ क्षीरसागर नायक सहित नगर पंचायत के कर्मचारी, वरिष्ठ नागरिक, महिला पुरुष व बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित थे। इस मौके पर नवनिर्मित अटल परिसर का भूमिपूजन किया गया। उक्त परिसर में स्व अटल के भव्य कांसे की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। 20 लाख रुपए की लागत से अटल परिसर का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा अनेक विकास कार्यों का भूमिपूजन मुख्य अतिथि रूपकुमारी चौधरी ने किया। 


अन्य पोस्ट