महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 दिसंबर। जिले के बसना विधानसभा क्षेत्र के सांकरा,पिरदा,बसना, गढफ़ुलझर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा अंतर्गत धान खरीदी केंद्रों में धान उठाव नहीं होने से जाम की स्थिति निर्मित हो गई है। इधर 14 नवंबर से धान की खरीदी लगातार हो रही है। कहा जा रहा है कि धान उठाव नहीं होने की स्थिति में खरीदी बंद हो सकती है।
राइस मिलर्स के साथ सरकार की बैठक से सार्थक हल नहीं निकल पाया है। राइस मिलर्स अपने बचे हुए भुगतान को लेकर अड़े हुए हैं। छत्तीसगढ़ शासन और राइस मिलर्स के बीच समझौता नहीं होने से उत्पन्न दिक्कतों को किसानों और समिति प्रभारियों को झेलना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक से कोई भी हल नहीं निकल पाया है। राइस मिलरों द्वारा धान नहीं उठाने से धान खरीदी केंद्रों में धान का ढेर लगते जा रहा है। डीओ कटने के बाद भी धान का उठाव व परिवहन नहीं किया जा रहा है। धान उठाव नहीं होने से समितियों के पास विकराल समस्या खड़ी हो गई है।
मालूम हो कि जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित रायपुर शाखा पिरदा अंतर्गत सहकारी समिति पथरला, बरनाई दादर, नरसैय्यापल्लम, झारमुडा, चनाट, सरकंडा, भस्करापाली, तरेकेला, जगदीशपुर धान खरीदी केंद्रों में धान शेष है। जिसका परिवहन नहीं हुआ है। सांकरा सहकारी समिति शाखा अंतर्गत एक ऐसा धान उपार्जन केंद्र डोंगरीपाली है जहां पर धान 13518.40 क्विंटल, सहकारी समिति चनाट अंतर्गत धान उपार्जन केंद्र में 15453 क्विंटल धान खरीदी हुई है लेकिन अभी तक उठाव शून्य है।
इसी तरह पथरला में 31764 क्विंटल धान खरीदी हुआ है। जिसमें राइस मिलर्स द्वारा 240 क्विंटल, संग्रहण केंद्र द्वारा 3380 क्विंटल उठाव किया गया है। 26879.20 क्विंटल धान शेष है। बरनाई दादर में 17391 क्विं खरीदी, उठाव राइस मिलर्स 1400 क्विंटल, संग्रहण केन्द्र 15993.60 क्विंटल, चनाट में 24044.40 क्विंटल खरीदी की गई है। 1820 क्विंटल धान उठाव हुआ है और 22266.40 क्विंटल धान शेष है। टांगापासा में 34839.20 क्विंटल खरीदी में 5620 क्विंटल उठाव, 29219.20 धान उठाव होना शेष है।
सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार समिति प्रभारियों द्वारा ऐसी स्थिति धान खरीदी नहीं किए जाने बातें सामने आ रही है। समिति प्रबंधकों का कहना है कि 14 नवंबर से धान खरीदी प्रारंभ हो गई है। प्रत्येक साल 01 दिसंबर से धान उठाव प्रारंभ हो जाता था। लेकिन इस साल धान उठाव नहीं होने के कारण उपार्जन केंद्रों में धान रखने का जगह नहीं है। अगर जल्द धान का उठाव नहीं होने से खरीदी बंद सकती है।