महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 दिसंबर। महासमुंद शहर से प्रतिदिन 10-15 ट्रक कबाड़ का सामान रीसाइक्लिंग के लिए भेजा जाता है। शहर में कबाड़ी बिना सत्यापन के साइकिल, बाइक और अन्य सामान खरीद रहे हैं। यह सामान कहां से आया, उसके स्रोत के संबंध में कोई गंभीरता नहीं दिखाई देती है। लिहाजा महासमुंद शहर सहित जिले के अनेक कस्बों, गांवों के कबाड़ दुकानों में चोरी का सामान खप रहा है।
पता चला है कि बगैर पंजीयन कबाड़ी यहां कबाड़ खरीदने व बेचने का काम कर रहे हैं। कई साल से महासमुंद शहर में कबाड़ के अनेक गोदाम अवैध रूप से संचालित हो रहे हैं। पूर्व में कबाड़ की तस्करी करते हुए बसना तथा तुमगांव पुलिस ने वाहन चालकों को पकड़ा था। लेकिन अवैध रूप से संचालित कबाड़ खानों के विरूद्ध पुलिसिया कार्रवाई शून्य है।
शहर के अधिकांश दुकानों और गोदामों में बोर्ड तक नहीं लगाया गया है। एक भी कबाड़ की दुकान में सेफ्टी के लिए अग्नि शमन यंत्र मौजूद नहीं है, न ही सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। कबाड़ी बिना सत्यापन के साइकिल, बाइक और अन्य सामान खरीद रहे हैं। यह सामान कहां से आया, उसके स्रोत के संबंध में कोई गंभीर नहीं है।
कबाड़ कारोबार में किसी तरह का एहितयात नहीं बरता जा रहा है। शहर के नयापारा, रायपुर मार्ग, बागबाहरा मार्ग सहित अनेक बाजार मोहल्लों में ऐसे गोदाम देखे जा सकते हैं। कबाड़ी को जहां खाली जमीन मिलती है। वहीं वे गोदाम बना लेते हैं और वहां कई टन प्लास्टिक, कागज, लोहे और टीन के सामान होते हैं। घनी आबादी के बीच इन दुकानों में अग्निशमन की व्यवस्था भी नहीं दिखती। सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं। असामाजिक तत्व चोरी के वाहन, सायकल सहित अनेक लोहे, प्लास्टिक के सामान खपा देते हैं। इन दुकानों में खरीद गये सामानों के लिए रजिस्टर में एंट्री भी नहीं। सामान बेचने वालों को रसीद तक नहीं दिया जाता है।
रजिस्टर की नियमित पड़ताल टैक्स अधिकारी, पुलिस और प्रशासन द्वारा नहीं की जाती है। इसके चलते कबाड़ खरीदी-बिक्री का सही आंकलन नहीं हो पाता है। जानकारी के मुताबिक प्रतिदिन नगर से 10-15 ट्रक कबाड़ का सामान रीसाइक्लिंग के लिए भेजा जाता है। शहर में कबाड़ी बिना सत्यापन के साइकिल, बाइक और अन्य सामान खरीद रहे हैं। यह सामान कहां से आया, उसके स्रोत के संबंध में कोई गंभीरता नहीं दिखाई देती है।