महासमुन्द

प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना: टिकेश्वर ने गांव में शुरू की तेजस्वी मोबाइल शॉप
26-Dec-2024 2:24 PM
प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना: टिकेश्वर ने गांव में शुरू की तेजस्वी मोबाइल शॉप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 दिसंबर।
महासमुंद के ग्राम लभराखुर्द के निवासी टिकेश्वर पटेल एक गरीब परिवार से ताल्लुक रखते हैं। आर्थिक कठिनाइयों के कारण उन्होंने महासमुंद की एक मोबाइल दुकान में काम करना शुरू किया। जहां उन्होंने मोबाइल रिपेयरिंग और बिक्री का अनुभव प्राप्त किया। इस अनुभव के आधार पर उन्होंने खुद की मोबाइल रिपेयरिंग और शॉप खोलने का सपना देखा, लेकिन आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण यह सपना अधूरा रह गया। 

श्री पटेल ने जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र महासमुंद से संपर्क कर प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने इस योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन किया। आवेदन स्वीकृत होने के बाद यूनियन बैंक महासमुंद ने नियमानुसार प्रक्रिया पूरी कर उन्हें 2 लाख रुपए का ऋण और 70 हजार रुपए का अनुदान प्रदान किया।

इस वित्तीय सहायता से टिकेश्वर पटेल ने अपने गांव में तेजस्वी मोबाइल शॉप की शुरुआत की। उनकी दुकान में मोबाइल रिपेयरिंग और रिचार्ज सेवाएं उपलब्ध हैं। जो क्षेत्र में काफी लोकप्रिय हो गई है। उनकी मेहनत और लगन का परिणाम यह हुआ कि अब वे हर महीने लगभग 12 हजार रुपए की शुद्ध आय अर्जित कर रहे हैं।

श्री पटेल ने बताया कि वे बैंक ऋण का नियमित भुगतान कर रहे हैं और इस योजना के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने पर उन्हें गर्व है। उनकी इस सफलता से उनके परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हुई है। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना ने श्री टिकेश्वर पटेल जैसे युवाओं के सपनों को साकार करने का एक सशक्त माध्यम प्रदान किया है।


अन्य पोस्ट