महासमुन्द

बाबू ने रखा था 51 लाख का चेक, नोटिस
24-Dec-2024 2:28 PM
बाबू ने रखा था 51 लाख  का चेक, नोटिस

बागबाहरा में कर्मचारियों की भविष्य निधि और समूह बीमा योजना की राशि में अनियमितता का

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,  24 दिसंबर।
बागबाहरा के पीएमश्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम हायर सेकंडरी स्कूल में कर्मचारियों की सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) और समूह बीमा योजना जीआईएस की राशि में अनियमितता का आरोप लगा था। जांच में पाया गया है कि बाबू ने ही उक्त चेक को अपने पास रखा था। अब यह चेक जमा कराई जाएगी। जांच की जा रही है। प्राथमिक जांच में 51 लाख रुपए की चेक का चालान जमा नहीं किया गया है। 

गौरतलब है कि इस मामले को लेकर ‘छत्तीसगढ़’ ने प्रमुखता से खबर छापी थी। इसके बाद जांच के आदेश हुए थे और 7 दिन के भीतर रिपोर्ट जमा करने कहा था। मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की गई थी। इसमें जांच अधिकारी अरुण प्रधान, सुनील साहू और शरद साहू को बनाया गया था। जिसकी जांच अब पूरी कर ली गई है। हालांकि अभी अधिकारी आगे भी जांच करने की बात कह रहे हंै और यह भी कह रहे हैं कि मामले में गंभीर लापरवाही बरती गई है।

खबर यह है कि आत्मानंद स्कूल बागबाहरा के बाबू गुलाब दीवान ने 2 साल अप्रैल 2022 से अक्टूबर 2024 तक की जीपीएफ  राशि खाते में चेक को जमा नहीं किया था। जांच के दौरान बाबू का बयान भी दर्ज किया गया। इसमें उन्होंने अपनी गलती स्वीकार की है। तत्कालीन प्राचार्य मधु सिरमौर और महंत के कार्यकाल के दौरान यह लापरवाही बरती गई थी। इसको लेकर दोनों ने गंभीरता नहीं दिखाई।

मामले में डीईओ मोहनराव सावंत ने तत्कालीन प्रभारी प्राचार्य मधु सिरमौर और लेखाधिकारी गुलाब दीवान को कारण बताओ नोटिस जारी किया था और पूछा था कि आखिर किस अधिकार से कर्मचारियों की जीपीएफ और जीआईएस की राशि खातों में जमा नहीं कराई।

आरोप है कि इसमें प्राचार्य सिरमौर ने जानकारी में होते ही भी ध्यान नहीं दिया था लेकिन अब इसकी भरपाई करने की बात कही है। आगे जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। 

जांच जारी -डीईओ 
डीईओ मोहन राव सांवत ने कहा कि मामले की जांच जारी है। वहां के बाबू ने कर्मचारियों की चेक का चालान जमा नहीं किया था। उसकी प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। दूसरे एंगल से भी जांच की जा रही है। मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उनके खिलाफ  सख्त कार्रवाई की जाएगी।
 


अन्य पोस्ट