महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 दिसंबर। राज्य सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर एवं सुशासन सप्ताह अंतर्गत कल स्थानीय अम्बेडकर भवन में वृहद कृषक सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में महासमुंद के विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने बतौर अध्यक्ष शिरकत की।
इस अवसर पर रेड क्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष संदीप दीवान, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष पवन पटेल, राज्य युवा आयोग के पूर्व सदस्य प्रशांत श्रीवास्तव, प्रकाश शर्मा, मुन्ना साहू, कलेक्टर विनय लंगेह, अपर कलेक्टर रवि राज ठाकुर, अनुविभागीय अधिकारी हरिशंकर पैंकरा, सहकारी समितियों के अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान मौजूद थे। इस अवसर पर स्वास्थ्य, महिला बाल विकास,उद्यानिकी, मत्स्य, पशुपालन विभाग का स्टॉल लगाया गया व किसानों को विष्णु की पाती का वितरण किया गया एवं वाचन किया गया।
सम्मेलन में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई ने हमें छत्तीसगढ़ राज्य की सौगात दी। लेकिन शुरुआती 3 साल में विकास नहीं हो पाया। उसके पश्चात तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने राज्य को संवारने का कार्य किया। राज्य आज विकास के पथ पर अग्रसर हो रहा है। नए राजधानी की नींव भी उसी दौरान रखा गया। जिसे अन्य राज्यों से लोग देखने आते हैं। 2018 तक राज्य ने खूब तरक्की की। उसके पश्चात 5 साल फिर राज्य में विकास की गति धीमी हो गई। अभी फिर से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार राज्य को विकसित बनाने का कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि अभी हमारा राज्य 24 वर्ष का हो गया है। किसानों से जो भी वादा किए थे, उसे पूरा कर रहे हंै। प्रति एकड़ 21 क्विंटल और 31 सौ में धान खरीदी का कार्य रहे हंै। महतारी वंदन से महिलाओं को प्रति माह एक हजार रुपए मिल रहा है। यह बहुत बड़ी उपलब्धि है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हम सब विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण करेंगे। उन्होंने किसान साथियों से सभी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील भी की।
उन्होंने कहा कि शासन और प्रशासन मिलकर महासमुंद जिला राज्य के विकास में अहम् भूमिका निभाएगा। शिकासेर से पानी लाने का प्रयास जारी है। इससे महासमुंद और खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के किसानों को लाभ होगा।
उन्नत क्षेत्र बनाने के लिए हम लगातार प्रयास कर रहे हैं। सिरपुर क्षेत्र में पीढ़ी जलाशय का कार्य भी पूर्ण होगा। उन्होंने एक वर्ष पूर्ण होने पर किसानों को बधाई दी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु की पाती का वाचन किया।। रेड क्रास सोसायटी के अध्यक्ष संदीप दीवान ने कहा कि सरकार गठन के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सुशासन सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। हमारी सरकार किसानो के हित के लिए लगातार कार्य कार्य रही है। सभी की समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने विभिन्न आंकड़ों से सरकार की उपलब्धि को बताया। उन्होंने कहा कि आगामी सन 2047 तक हम विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ बनाएंगे। इस अवसर पर किसानो का शाल और श्रीफल से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कलेक्टर विनय लंगेह ने कहा कि सरकार के मंशानुरूप प्रशासन किसानों के लिए कार्य कर रही है। जिले में धान खरीदी सुचारु रूप से जारी है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के मंशानुरूप अभी तक 4 लाख मिट्रिक टन धान की खरीदी कि जा चुकी है। अभी तक 90 हजार किसानो ने धान बेचा है। इसके अलावा प्रधानमंत्री सम्मान निधि के तहत भी किसान लाभान्वित हो रहे हैं। मृदा परिक्षण हेतु भी किसानों को जागरूक किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले में सुशासन सप्ताह अंतर्गत जन चौपाल और शिविरों जैसे विभिन्न कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। किसानों को एक पेड़ मां के नाम के तहत पौध वितरण किया गया।