महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 दिसंबर। प्रीमियम अंग्रेजी शराब से 37 लाख रुपए के गबन मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों के विरूद्ध अपराध दर्ज किया है। इनमें से तीन के गिरफ्तारी की खबर है वहीं एक आरोपी की गिरफ्तारी आज समाचार लिखते तक नहीं हो पाई थी। पता चला है कि कर्मचारियों द्वारा अलग-अलग ब्रांड्स के शराब के होलोग्राम की तस्वीरें दिखा कर लंबे समय से गबन कर रहे थे। आबकारी विभाग की जांच के बाद इस मामले का खुलासा हुआ है। मुख्य विक्रयकर्ता अमित राय, विक्रयकर्ता गौरी शंकर सेन, विक्रय कर्ता तुकेश दीवान एवं मल्टीपर्पस वर्कर लक्ष्मीनारायण साहू के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है। विभाग द्वारा निरीक्षण में मदिरा स्कंध एवं दैनिक विक्रय पंजी, कैशबुक,परमिट फाइल, लायसेंस अद्यतन अवस्था में मिला।
इस मामले में प्रतिभा पांडे एएसपी महासमुंद का कहना है कि संग्रहित बैग्पाईपर व्हिस्की का भौतिक सत्यापन करने पर बैग्पाईपर व्हिस्की 1 पेटी की बिक्री पाया गया। लेकिन 14दिसंबर 2024 एवं 15 दिसंबर 2024 को विक्रय शून्य मिला। बैग्पाईपर व्हिस्की की स्कंध की जांच करने पर विक्रेताओं द्वारा गोलमोल जवाब दिया गया। जवाब संतोषप्रद नहीं मिलने पर बोतलों की नगवार भौतिक सत्यापन की गई। जिस पर पंजी में 373 व मदिरा दुकान में 136 नग बोतल होना पाया व 273 का अंतर मिला।
उन्होंने बताया कि इस आधार पर भौतिक सत्यापन पश्चात दुकान में उपलब्ध मदिरा स्कंध व पंजी अनुसार भिन्नता पायी गई। प्रत्येक पेटियों की सूक्ष्मता से जांच करने पर पेटियां सीलबंद मिली। लेकिन सीट खोला गया तो पेटियों में 12 नग के स्थान पर 5 नग, 4 नग, 3 नग मिला। इनमें से मैकडावेल नम्बर 1, रेड लेबल, टीचर्स 50, ब्लैक डाग 100 पाईपर, सिंगनेचर रेयर, रायल चैलेंज, बैग्पाईपर, ऑफ्टर डार्क, ओक स्मिथ, रायल ग्रीन, रायल स्टैग, द वोल्फ स्टोन ब्रांड में अत्यधिक कमी पायी गई।
बताया कि दुकान में संधारित दैनिक मदिरा के प्रारंभिक स्कंध में भी अंतर पाया गया। पंजी अनुसार 17 दिसंबर की विक्रय की राशि 39 लाख 2 हजार 1 सौ 40 होना पाया गया। जबकि दुकान की वास्तविक बिक्री 2 लाख 11 हजार 3 सौ रुपए थी। जिसमें नगद विक्रय राशि 108850 रुपए व पीओएस मशीन से प्राप्त विक्रय राशि 102500 रुपए होना पाया। विक्रय की राशि का मिलान व परमिट का मिलान, ट्रांसफर परमिट का मिलान, परिवहन टूट-फूट का मिलान करने 36 लाख 90 हजार 7 सौ 90 रुपए का अंतर मिला।
गबन के संबंध में दुकान में उपस्थित कर्मचारी विक्रयकर्ता गौरी शंकर सेन, तुकेश दीवान एवं 3 मल्टीपर्पस वर्कर लक्ष्मीनारायण साहू ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि सभी कर्मचारी इस कृत्य में संलिप्त रहे हैं। विक्रय राशि जो की दुकान से अधिक होता था, उसमें से कुछ हिस्सा रखकर शेष राशि दुकान की विक्रय राशि बनाकर बैंक में जमा करते थे। यह काम लंबे समय से मुख्य विक्रयकर्ता अमित राय के निर्देश पर हो रहा था। सभी ने अपराध स्वीकार किया। मदिरा दुकान में उपलब्धध्संग्रहित मदिरा की बोतलों को बिना स्कैन किये विक्रय किया जा रहा था।
मालूम हो कि निरीक्षण पूर्व 5दिसंबर को ऑडिट की टीम द्वारा ऑडिट किया गया परंतु किसी भीं प्रकार की कोई अनियमितता नहीं मिली थी। ऑडिट के समय कोई अनियमितता क्यों नहीं पायी गई जैसे सवाल पर कर्मचारियों ने बताया कि 5दिसंबर को नियमित रूप से प्रतिमाह किये जाने वाले ऑडिट हेतु ऑडिटर के प्रतिनिधि फ ागेश्वर सिन्हा द्वारा ऑडिट किया गया। ऑडिट के दौरान हमने अपने-अपने मोबाइल में संग्रहित मदिरा की बोतलों के होलाग्राम की फ ोटो स्कैन कर दी थी। जिससे ऑडिट रिपोर्ट में अंतर दिखलाई नहीं पड़ता था। कर्मचारियों द्वारा पेटियों को इस प्रकार रखा जाता था कि ऊपर की पेटियों में पूरी मदिरा रहती थी। तथा नीचे की पेटियों में 12 बोतलों के स्थान पर 3 या 4 नग बोतलें ही रखी रहती थी। जिससे प्रथम दृष्यता मदिरा की पेटियों को गिनने पर मदिरा स्कंध पंजी अनुसार प्रतीत होना था। जांच में पाया गया कि मुख्य विक्रेता अमित राय, विक्रेता गौरीशंकर सेन, तुकेश दीवान, व मल्टीवर्कर लक्ष्मीनारायण साहू द्वारा 36 लाख 90 हजार 7 सौ 90 रुपए का गबन किया गया।
इस पूरे मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पांडे ने बताया कि आबकारी विभाग के जांच के आधार पर 03 विक्रेता व 01 मल्टीपर्पज वर्कर के खिलाफ धारा 3-5, 316, 318-3, 318-4 के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। बताना जरूरी है कि कुछ दिन पहले भी इसी प्रीमियम मदिरा दुकान में आग लग गयी थी और लगभग करोड़ों रुपए कीमती शराब जलकर खाक हो गया था। अभी इसमें लाखों रुपए गबन का मामला सामने आया है। इसके बाद आबकारी विभाग व प्लेसमेंट एजेंसी के कार्य प्रणाली पर प्रश्नचिह्न उठ रहे हंै। लोग आपस में चर्चा कर रहे हैं कि आबकारी विभाग कुंभकर्णी नींद में रहते हैं और नियमित जांच के अलावा आडिट रिपोर्ट भी थोथी थी आदि आदि।