महासमुन्द

ठेले और गुमटी संचालक घरेलू सिलेंडर का उपयोग कर रहे
20-Dec-2024 2:30 PM
ठेले और गुमटी संचालक घरेलू  सिलेंडर का उपयोग कर रहे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 दिसंबर।
महासमुंद शहर में ठेले, गुमटी संचालक कमर्शियल सिलेंडर की बजाए घरेलू सिलेंडर का उपयोग कर रहे हैं। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्र के हितग्राही को कमीशन देकर उसके सिलेंडर का उपयोग कर रहे हंै। जबकि लोग अब भी चूल्हे में खाना बना रहे हैं। 

घरेलू सिलेंडर की कीमत वर्तमान में 875 रुपए है। ब्लैक में बेचने वाले 150 रुपए अतिरिक्त शुल्क देकर 1050 रुपए में बेच रहे हैं। जबकि कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 2050 रुपए है, जो कि घरेलू सिलेंडर से काफी ज्यादा है। व्यापारी अधिक कीमत न चुकानी पड़े, इसलिए हितग्राहियों को 100 रुपए देकर उनका सिलेंडर भरवा रहे हैं।

इस संबंध में जिला खाद्य अधिकारी अजय यादव का कहना है कि कमर्शियल सिलेंडर के जगह घरेलू सिलेंडर के कमर्शियल उपयोग करने के दौरान आगजनी की दुर्घटना होने पर बीमा नहीं मिलेगा और न ही किसी प्रकार की अन्य संविधएं ही मिलेगंी। इसके अलावा ठेले व होटल, रेस्टारेंट में घरेलू सिलेंडर के उपयोग करते पाए जाने पर उनके ऊपर कार्रवाई की जाती है।

शहर में इन दिनों खाद्य विभाग भी घरेलू सिलेंडर के उपयोग करने वालों पर कोई कार्रवाई करती नजर नहीं आ रही है। शहर में छोटे से चाय ठेले से लेकर एग रोल सेंटर, समोसा, पोहा सहित तमाम फ ास्ट फूड वाले भी प्रतिबंध के बावजूद धड़ल्ले से घरेलू सिलेंडर का उपयोग कर रहे हैं। बल्कि नियमों का खुला उल्लंघन किया जा रहा है। शहर के बरोंडा चौक से लेकर रायपुर मार्ग स्थित बस स्टैंड तक लगने वाले फास्ट फूड ठेलों, चौपाटियों में चूल्हे जलाने के लिए घरेलू सिलेंडर उपयोग किया जा रहा है।

ऐसा नहीं है कि खाद्य विभाग की टीम को इसकी जानकारी नहीं है। ठेलों के बाहर खाली कमर्शियल रखे रहते हैं। वहीं सडक़ किनारे लगी गुमटियों में घरेलू सिलेंडर का उपयोग करते हैं। अधिकारी न जांच करने पहुंचते हैं, न ही बीते एक साल से इस पर कोई कार्रवाई की गई है। शहर के चौक-चौराहों में सभी ठेलों, चौपाटियों का यहीं हाल है। सडक़ किनारे चाय ठेला, एगरोल, पावभाजी ठेला सहित कई गुमटियों में घरेलू सिलेंडर का उपयोग करते मिलते हैं। एक जानकारी के मुताबिक जिले भर में केवल 640 व्यवसायियों ने ही कमर्शियल सिलेंडर के लिए पंजीयन करवाया है। बाकी तो विभाग की अनदेखी की वजह से बेखौफ  होकर घरेलू सिलेंडर का उपयोग कर रहे हैं।


अन्य पोस्ट