महासमुन्द

हड़ताल खत्म: काम पर लौटे नपा कर्मी, स्वच्छता दीदियां भी डोर-टू-डोर पहुंचीं
20-Dec-2024 2:16 PM
 हड़ताल खत्म: काम पर लौटे नपा कर्मी, स्वच्छता दीदियां भी डोर-टू-डोर पहुंचीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,20 दिसंबर।
नगरीय निकायों के नियमित, प्लेसमेंट कर्मी तथा मिशन क्लीन सिटी स्वच्छता दीदियों की हड़ताल अनेक मांगों पर सहमति तथा कुछ पर सकारात्मक आश्वासन के बाद कल समाप्त हो गई है। पता चला है कि नगरीय निकाय मंत्री ने इसके लिए आदेश भी जारी कर दिया है। अत: कल दोपहर से नगर पालिका के नियमित कर्मचारी काम पर लौट गये हैं। वहीं प्लेसमेंट तथा स्वच्छता दीदियों ने आज शुक्रवार से काम शुरू किया है। 

मालूम हो कि नियमित कर्मचारी 7 दिन, स्वच्छता दीदियां 18 दिन, तथा प्लेसमेंट कर्मचारी 29 दिनों से लगातार हड़ताल पर थे। शहर में हड़ताल धरना के बाद तीनों संगठन राजधानी के तूता मैदान में हड़ताल कर रहे थे। इस हड़ताल के चलते पालिका के टैक्स वसूली, सीमांकन, स्वच्छता सहित अनेक काम बुरी तरह से ठप थे। काम पर लौटने के बाद से शहर के नागरिकों ने राहत की सांसें ली है। हड़ताल अवधि के दौरान लोगों के घरों में इतनी अधिक कचरा जाम हो चुका था कि लोग मजबूरी में उसे सडक़, मैदानों में फेंकने मजबूर थे। अब आज से सफाई व्यवस्था वापस पटरी पर लौटी है। 

नवनियुक्त कर्मचारी-अधिकारी संघ अध्यक्ष सुरेश तिवारी के अनुसार उनकी कुल 5 बिंदुओं पर मांग थी जिस पर पर 2 बिंदुओं पर पूर्ण सहमति बनी तथा 3 पर विचार तथा प्रस्ताव की बात कही गई है। इनमें से अनुकंपा नियुक्ति के लिये आदेश भी जारी हो चुका तथा पुरानी पेंशन योजना पूर्ववत लागू की जाएगी, वहीं ट्रेजरी के माध्यम से वेतन पर विचार किया आयेगा। लेकिन वेतन सही समय पर मिलेगा। 

इसी तरह 6वां तथा 7वां वेतनमान तथा पदोन्नति पर नये सेटअप के आधार पर विचार किया जायेगा। प्लेसमेंट कर्मचारियों की 29 दिन बाद मांगें पूरी हुई। अब प्लेसमेंट कर्मचारियों को ठेकेदार नहीं बल्कि संचालनालय से सीधे वेतन मिलेगा। उन्हें काम से नहीं निकाला जायेगा। 

4 हजार सम्मान निधि पर विचार किया जावेगा। साथ ही हड़ताल अवधि का वेतन नहीं काटा जायेगा। स्वच्छता दीदियों की भी अनेक मांगें पूर्ण की गई है। जिसमें रोस्टर के अनुसार उन्हें सप्ताह में 1 दिन छुट्टी, रिक्शा की मरम्मत निकाय से करने, काटी गई वेतन रको बोनस के रूप में देने, 7200 सौ वेतन में 800 रुपए की बढ़ोत्तरी शामिल हैं। 
 


अन्य पोस्ट