महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,19 दिसंबर। बसना ब्लॉक के ग्राम बनडबरी में धान खरीदी केंद्र में खपाने बाहर से लाए गए 333 पैकेट अवैध धान को जब्त किया गया है।
कृषि उपज मंडी समिति बसना के सचिव श्रवण कुमार कुरुवंशी के अनुसार कलेक्टर विनय कुमार लंगेह द्वारा निर्देशित किया गया था कि जो भी बाहर से धान लाया जा रहा है, या घर दुकान में भंडारित किया गया है, उस पर कड़ी निगरानी रखी जाए एवं अवैध ढंग से परिवहन किये जा रहे धान पर कार्रवाई की जाए।
इसी दिशा निर्देश का पालन करते हुए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बसना मनोज कुमार खांडे के नेतृत्व में नायब तहसीलदार अर्पण कुर्रे, मंडी सचिव श्रवण कुमार कुर्वंशी के नेतृत्व में अधिकारी कर्मचारियों द्वारा लगातार छापा मार करवाई कर अवैध रूप से परिवहन किये जा रहे या घर दुकान में भंडारित किये जा रहे अवैध धान को जब्ती कार्रवाई की गई है।
सूचना पर नायब तहसीलदार मंडी सचिव अपनी टीम के साथ ग्राम बनडबरी बी पहुंचे। वहां जनक लाल बरिहा के खलिहान में रखे 333 पैकेट अवैध धान के बारे में पूछताछ की। तब जनक लाल बरिहा ने बताया कि उसके खलिहान में रखा धान चैतलाल सिदार पिता आनंद राम का है जो बाहर से मंगाया हुआ है।
इस संबंध में जब चैतलाल से पूछताछ की गई तब उसने बयान दिया कि वह अपने पट्टे में धान बेचने के लिए बाहर से मंगाया है। चैतलाल के बयान के आधार पर सभी 333 पैकेट अवैध धान जब्त कर सुपुर्द नामा में दिया गया। तथा उन्हें निर्देश दिये कि जब तक छत्तीसगढ़ शासन की धान खरीदी योजना जारी रहेगी, तब तक चैतलाल धान कहीं भी नहीं बेच सकता। इस कार्रवाई में नायब तहसीलदार बसना अर्पण कुर्रे, मंडी सचिव श्रवण कुमार कुरुवंशी, मंडी उप निरीक्षक द्वय खुलू राम यादव, दिनेश साहू, आरआईं कुलदीप भोई एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
एसडीएम मनोज खांडे का कहना है कि कार्रवाई अभी और जारी रहेगी। बाहर से आने वाले धान पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। कहीं भी अवैध धान बेचने नहीं देंगे। छापामार कार्रवाई अभी आगे भी जारी रहेगी। कार्रवाई के लिये सख्त निर्देश है।