महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 18 दिसंबर। अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर मंगलवार को प्रदेश स्वास्थ्य मितानिन संघ के बैनर तले जिले से पहुंचे मितानिनों ने पटवारी कार्यालय के सामने धरना स्थल से रैली की शक्ल में कलेक्टोरेट पहुंच कर घेराव किया। मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर उन्होंने एनएचएम में संवलियन समेत वेतन संबंधी तीन सूत्रीय मांग रखी।
उन्हें कलेक्टोरेट के मुख्य दरवाजे पर ही पुलिस ने रोक लिया। मितानिनों की हड़ताल के कारण टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, टीबी, कुष्ठ, गर्भवती एवं नवजात की देखभाल, स्वास्थ्य सर्वे जैसे कार्य प्रभावित होने लगे हैं। मितानिनों ने बताया कि स्टेट हेल्थ रिसोर्स सेंटर कर्मचारियों के साथ कार्य नहीं करेंगे। उन्हें एनएचएम में संवलियन किया जाए। जिसमें सभी मितानिन, प्रशिक्षक, ब्लाक समन्वयक, स्वास्थ्य पंचायत समन्वयक, एरिया कोऑर्डिनेटर व मितानिन हेल्थ डेस्क फैसिलिटेटर को राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम में संविलियन किया जाए। मितानिनों के मुताबिक कई सालों से सेवा दे रहे हैं। लेकिन अब तक उन्हें संविलियन से वंचित रखा गया है। लंबा अनुभव होने के बाद भी कम प्रोत्साहन राशि और क्षतिपूर्ति बेस से काम लिया जा रहा है।