महासमुन्द

पटवारियों ने किया ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार
17-Dec-2024 3:04 PM
पटवारियों ने किया ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार

ऑफिशियल व्हाट्सएप ग्रुप से भी सामूहिक लेफ्ट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,17 दिसंबर। जिले भर के पटवारियों ने कल सभी प्रकार के ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार किया तथा ऑफिशियल व्हाट्सएप ग्रुप से सामूहिक लेफ्ट ले लिया। कल तहसील दफ्तर के समक्ष काले परिधान में पटवारियों ने संसाधनों की मांग को लेकर जमकर नारबाजी की तथा चेतावनी दी कि यदि शीघ्र मांगें पूर्ण नहीं की गयी तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल के लिए बाध्य होंगे।

 हालांकि ऑफलाइन कार्य पूर्ववत जारी है। इसके पूर्व काली पट्टी लगाकर पटवारियों ने विरोध प्रदर्शन किया था।

जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सोनी ने बताया कि प्रदेश राजस्व पटवारी संघ की आवश्यक प्रांतीय बैठक रायपुर स्थित हनुमान मंदिर मठपुरैना रायपुर में आहुत की गयी थी। जिसमें उपस्थित जिलाध्यक्ष एवं प्रांतीय कार्यकारिणी द्वारा पटवारियों को ऑनलाइन कार्यों में हो रही विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया गया। वर्तमान में राजस्व संबंधी सभी कार्यों को भुइयां के माध्यम से ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार करने से नक्शा, बंटवारा, नामांतरण, किसानों के सभी प्रकार के कार्य, जीओ रिफ्रेसिंग कार्य सहित अनेक योजनाएं प्रभावित होगी।

शासकीय व्हाट्सएप ग्रुप से लेफ्ट लेने की वजह से अधिकारियों और पटवारियों के बीच संचार व्यवस्था टूट गई। फलस्वरूप अधिकारियों को भी इससे परेशानियों का सामना करना पड़ा।


अन्य पोस्ट