महासमुन्द

पतेरापाली पहुंचे हाथी, खलिहान में रखा धान खा गए, तहस-नहस
15-Dec-2024 2:29 PM
पतेरापाली पहुंचे हाथी,  खलिहान में रखा धान  खा गए, तहस-नहस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 15 दिसंबर।
जिले के सरायपाली अंचल में एक बार फि र से हाथियों ने दस्तक दे दी है। खबर है कि सुदूर वनांचल क्षेत्र पतेरापाली में कल लगभग 25-30 हाथियों के दल ने कुछ किसानों के धान को काफी नुकसान पहुंचाया है। इनमें किसानों के द्वारा बिक्री के लिए खलिहान में रखे गए धान में से 90 पैकेट धान को खा गए जबकि कई पैकेटों को तहस-नहस कर दिया है। फिलहाल हाथियों का झुण्ड पतेरापाली के आसपास ही मौजूद है, जिससे ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। वन विभाग ने मुनादी करवाकर गांवों में सचेत रहने व हाथियों से बचने के उपाय बताये हैं। 

मालूूम हो कि सरायपाली अंचल में समय-समय पर हाथियों का दल पहुंचता रहा है।  इस संबंध में वन विभाग के रेंजर प्रत्युष तांडे का कहना है कि 28 हाथियों का एक दल पतेरापाली में आया था। वहां कुछ किसानों के खलिहान में रखे धान को खाकर वे वापस चले गए हैं। वर्तमान में हाथियों का दल पतेरापाली बीट क्रमांक 402-403 में मौजूद है। वन विभाग के द्वारा पतेरापाली सहित सहजपानी, सरगुनाभांठा, समदरहा आदि पास के गांवों में मुनादी करवा दी गई है तथा ग्रामीणों को सचेत रहने के सलाह दिये जा रहे हैं। 

श्री पांडे ने कहा कि इन गांवों में पूर्व में भी गजयात्रा के माध्यम से हाथियों के आने पर सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई है। समय-संमय पर वन विभाग द्वारा अभियान चलाकर ग्रामीणों को हाथियों से बचने के लिए जागरूक किया जाता है। कल सोमवार को पुन: एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन कर ग्रामीणों को सुरक्षात्मक उपाय बताये जाएंगे।
 


अन्य पोस्ट