महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,15 दिसंबर। राष्ट्रीय राजमार्ग 53 फोरलेन में बसना के पर्रापाठ के पास तेज रफ्तार एक बाइक सडक़ किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। जिससे दो युवक घायल हो गए। जबकि एक युवक का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना में उपचार किया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल युवक को उच्च चिकित्सा हेतु रायपुर रिफर किया गया है।
पुलिस 112 एंबुलेंस बसना लायन से प्राप्त जानकारी के अनुसार सारंगढ़ थाना क्षेत्र के तीन युवक हिमेश सिदार 17 वर्ष, नागेश चौहान 21 वर्ष, राजा चौहान 18 वर्ष तीनों बाइक में सवार होकर सरायपाली होते हुए किसी काम के लिए बसना आ रहे थे। इसी दरमियान राष्ट्रीय राजमार्ग 53 फोर लाइन में भंवरपुर मोड़ के आगे परीपाठ के पास युवकों की तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी।
उक्त दुर्घटना में घायल तीन युवकों में से हिमेश सिदार गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों घायल युवकों को उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना लाया गया। जहां डॉक्टर ने हिमेश सिदार की गंभीर हालत को देखते हुए उच्च चिकित्सा हेतु रायपुर रिफर किया। जबकि नागेश एवं राजा का स्वास्थ्य केंद्र में उपचार जारी है।