महासमुन्द

जाति-आय-निवास के 3 हजार से अधिक आवेदन पेंडिंग
12-Dec-2024 6:40 PM
जाति-आय-निवास के 3 हजार से अधिक आवेदन पेंडिंग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 12 दिसंबर। स्थानीय तहसील कार्यालय में विभिन्न आवश्यक करीब 3000 से अधिक आवेदनों के पड़े होने की जानकारी मिली है। कार्यालय के प्रमाण पत्र शाखा प्रभारी के अनुसार सर्वर के कारण प्रमाण पत्र नहीं बनाये जा सकते, जिसके कारण आवेदनों की फेहरिस्त ऊंची होती जा रही है।

 छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा छात्र छात्राओं के आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र जल्द से जल्द जमा करने का लगातार फरमान जारी किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर इन प्रमाण पत्रों को बनाने वाले राजस्व विभाग की लापरवाही से अब हजारों की संख्या में प्रमाण पत्र बनवाने हेतु आवेदन पेंडिंग में पड़े हैं।

हालात यह हो गए हैं कि छात्रों के पालक एक ओर स्कूल प्रशासन के जल्दी आवेदन जमा करने के फरमान तो दूसरी ओर राजस्व अफसरों की प्रमाण पत्र बनाने अरुचि के चलते पालक बीच में पीस रहे हंै।

ज्ञात हो कि पिथौरा छोटी सी तहसील मानी जाती है, इसके बावजूद यहाँ राजस्व अफसरों की लापरवाही से पालक एक एक प्रमाण पत्र बनवाने के लिए संघर्ष करते दिखाई दे रहे हंै। प्रमाण पत्र आवेदन की औपचारिकता में ही पालकों के 1000 रुपये से अधिक खर्च हो रहे है, इसके बाद भी महीनों से वे तहसील कार्यालय का चक्कर लगाते लगते थक जा रहे रहे हैं।

उक्त सम्बन्ध में तहसील कार्यालय के प्रमाण पत्र प्रभारी ने बताया कि अभी 2800 आवेदन तो मात्र जाति के हैं। इसके अलावा 250 निवास एवम कोई 400 से अधिक आवेदन अन्य प्रमाण पत्रों के लिए जमा हंै।


अन्य पोस्ट