महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 12 दिसंबर। विकासखण्ड सचिव संघ के आव्हान पर जनपद क्षेत्र के सभी सचिव आज से जनपद परिसर में ही अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए।
संघ का आरोप है कि जनपद पंचायत पिथौरा द्वारा फर्जी आवास आबंटन मामले में सचिव एवं रोजगार सहायक के विरुद्ध पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई है, परन्तु कार्यालय में बैठ कर गड़बड़ी करने वाले आवास शाखा के कर्मियों पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई?
धरनास्थल पर करीब 70 से 80 सचिव उपस्थित होकर धरना का समर्थन कर रहे हंै। सचिव संघ द्वारा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत महासमुन्द को लिखे पत्र में कहा गया है कि सचिव सत्यानंद बांक के खिलाफ प्रधानमंत्री आवास योजना में गड़बड़ी के आरोप में एफ.आई. आर. दर्ज करने के विरोध में एवं सचिव को निलंबन किये जाने के कारण जनपद पंचायत के आवास शाखा के संलग्न कर्मचारियों के विरूद्ध भी समुचित कार्यवाही किये जाने की मांग की जा रही है।
ज्ञात हो कि अध्यक्ष पंचायत सचिव संघ जनपद पंचायत पिथौरा द्वारा बुधवार को अपरान्ह 3 बजे जिला पंचायत सीईओ को लिखित पत्र प्रस्तुत कर जानकारी दी कि ग्राम पंचायत उतेकेल के तत्कालीन सचिव सत्यानन्द बांक को प्रधानमंत्री आवास के संबंध में गलत तरीके से एफ. आई. दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है एवं ग्राम पंचायत कटंगतराई के पूर्व सचिव चैतराम साहू के विरूद्ध भी निलंबन कार्रवाई की गई है। जबकि आवास शाखा के संलग्न कर्मचारियों के विरूद्ध कार्रवाई नहीं किये जाने के संबंध में सचिव संघ 12 दिसंबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन करेंगे। सचिव संघ ने उक्त कर्मियों की तरह: जनपद पंचायत पिथौरा के आवास शाखा के कर्मचारियों के विरूद्ध कार्रवाई करने का आग्रह किया गया था। इसके लिए जनपद पंचायत के आवास शाखा के कर्मचारियों के विरूद्ध जिला स्तर के अधिकारी से जांच कराने की मांग भी संघ द्वारा की जा रही है।