महासमुन्द

महासमुंद नपा के नियमित, प्लेसमेंट, मिशन क्लीन सिटी, स्वच्छता दीदी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर, दफ्तर में ताला लटक रहा
12-Dec-2024 2:40 PM
महासमुंद नपा के नियमित, प्लेसमेंट, मिशन क्लीन सिटी, स्वच्छता दीदी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर, दफ्तर में ताला लटक रहा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 12 दिसंबर। महासमुंद नगर पालिका के नियमित, प्लेसमेंट, मिशन क्लीन सिटी कर्मचारी तथा स्वच्छता दीदियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल की वजह से पालिका दफ्तर में काम बुरी तरह ठप हो गया है।

 इस वक्त पालिका का मुख्य गेट तो खुला है लेकिन वहां राजस्व, जन्म.मृत्यू पंजीयन, मिशन क्लीन सिटी सहित विभिन्न विभागों में ताला लटक रहा है। हड़ताल की वजह से यहां भी पालिका कर्मी नजर नहीं आ रहे हैं। नगर पालिका में शाम को बिजली की स्वीच ऑन करने के लिये भी कोई कर्मचारी नहीं था। हालांकि जैसे-तैसे मूलभूत सुविधाएं सुचारू रूप से चल रही है।

मिली जानकारी के अनुसार 3 सूत्रीय मांगों को लेकर प्लेसमेंट कर्मचारी पिछले 20 दिनों से हड़ताल पर हैं। मांगें पूर्ण नहीं होने की वजह से अब ये राजधानी के तूता में प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं पिछले 2 दिनों से स्वच्छता दीदियां तथा मिशन क्लीन सिटी के कर्मचारी भी अपनी मांगों को लेकर राजधानी में आवाज बुलंद कर रहे हैं। कल से अब नवयुक्त अधिकारी-कर्मचारी भी राजधानी के तूता में 6 सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल में जा चुके हैं। टैक्स, आवक-जावक, नामांतरण, जमीन नापजोख, सीमांकन, समेकित कर, जन्म-मृत्यु पंजीयन, आवास पंजीयन, राशन कार्ड सहित अनेक कार्य पूर्व में भी नगर पालिका के नियमित, प्लेसमेंट, मिशन क्लीन सिटी कर्मचारी तथा स्वच्छता दीदियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल की वजह से ठप है।

कल पालिका में पीएम आवास, राशन कार्ड, जन्म-मृत्य प्रमाण पत्र बनवाने, आधार कार्ड में सुधार सहित अन्य कार्यों के लिए नागरिक पहुंचे तो उन्हें विभागों के दरवाजों पर ताला मिला। सभी बगैर अपना काम कराए बैरंग लौटते रहे। पालिका के आसपास दुकानों में लोग पूछते रहे कि पालिका में तााला क्यों जड़ा हु्आ है?


अन्य पोस्ट