महासमुन्द

महासमुंद नपाध्यक्ष-परिवार की अग्रिम जमानत याचिका खारिज अब हाईकोर्ट जाने की तैयारी में
12-Dec-2024 2:30 PM
महासमुंद  नपाध्यक्ष-परिवार  की अग्रिम जमानत याचिका खारिज  अब हाईकोर्ट जाने की तैयारी में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,12 दिसंबर।
महासमुंद नगर पालिका में 27 नवंबर को अध्यक्ष राशि महिलांग और पूर्व पार्षद पंकज साहू के बीच विवाद मामले में  पंकज की रिपोर्ट पर नपाध्यक्ष राशि महिलांग, उनके  पति त्रिभुवन महिलांग, पुत्र अंकित महिलांग और अरिश अनवर की अग्रिम जमानत याचिका पर सोमवार को जिला कोर्ट में सुनवाई हुई। न्यायाधीश ने इस मामले को गंभीर प्रकृति का अपराध मानते हुए उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है।

आरोपी पक्ष के अधिवक्ता जितेंद्र इदिकर ने बताया कि अब वे अग्रिम जमानत के लिए हाईकोर्ट में अपील करेंगे। इसी तरह पूर्व पार्षद पंकज साहू के अधिवक्ता शैलेन्द्र शर्मा ने बताया कि सोमवार को पंकज की जमानत याचिका लगाई गई है। पुलिस से डायरी मंगाई गई है। 

इस मामले में पूर्व पार्षद ने पुलिस को गिरफ्तारी दी है। अभी न्यायिक अभिरक्षा में पंकज जेल में है। परिजनों के मुताबिक दूसरे पक्ष की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पंकज साहू जेल में अनशन पर बैठे हैं। परिजनों ने इसकी लिखित सूचना कलेक्टर, एसपी, जेलर को दी है। पुलिस की टीम महिलांग परिवार की तलाश में जुटी हुई है।

मालूम हो कि पूर्व पार्षद पंकज साहू के घर पर तोडफ़ोड़ करने वाले 7 लोगों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। 27-28 नवंबर की देर रात घर में घुसकर तोडफ़ोड़ और जान से मारने की कोशिश करने के आरोप में पूर्व पार्षद की पत्नी ममता साहू ने नगर पालिका अध्यक्ष के बेटे विक्की महिलांग, रुपेश महिलांग, शब्बीर और अन्य 10-15 लोगों के खिलाफ  शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी रिपोर्ट पर पुलिस ने दीपक सिंह ठाकुर,सुशील, नितिन राजपुरोहित और मनोज सोनी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। 

पूर्व पार्षद पंकज साहू ने नगर पालिका अध्यक्ष राशि महिलांग उनके पति त्रिभुवन महिलांग, अंकित महिलांग, पूर्व पार्षद कपिल साहू, अरिश अनवर सहित अन्य करीब 15 लोगों के विरुद्ध लूट,मारपीट, गाली गलौज और जान से मारने धमकी दिए जाने की रिपोर्ट लिखाई है।
 


अन्य पोस्ट