महासमुन्द
सिकासेर का पानी कोडार तक पहुंचाने लिडार सर्वे जारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,12 दिसंबर। डेम से डेम को जोडऩे वाली प्रदेश की पहली सिंचाई परियोजना की शुरुआत महासमुंद से हो चुकी है। यहां सिकासेर बांध का पानी कोडार तक लाने के लिए सर्वे का काम शुरू हुआ है। कहा जा रहा है कि डाटा प्रोसेसिंग और इमेजेस निर्माण के बाद डीपीआर बनेगा। पखवाड़े भर में लिडार सर्वे का काम पूरा हो जायेगा। खेतों की प्यास बुझाने 120 किमीटर दूर से पानी की तैयारी को लेकर जिले के किसानों में खुशी की लहर है।
गौरतलब है कि गरियाबंद जिला स्थित सिकासेर बांध के अतिरिक्त पानी को महासमुंद लाने की बहुप्रतिक्षित योजना के लिए सर्वे के इस वक्त अंतिम दौर में है और लिडार ड्रोन सर्वेक्षण जारी है। लगभग पखवाड़े भर यह काम और चलेगा। इसके बाद इससे मिलने वाले डेटा की प्रोसेसिंग के बाद इमेजेस बनेगी और बाद में इसके आधार पर डीपीआर बनाकर शासन को स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा।
महासमुंद और बागबाहरा ब्लॉक में सिंचाई के लिए पानी की कमी के चलते गरियाबंद जिले में पैरी नदी पर बने सिकासेर बांध के अतिरिक्त पानी को यहां लाने की मांग अंचलवासी लगातार करते आ रहे हैं। लंबे प्रयासों के बाद इस पर सहमति बनी और कुछ महिनों से इसके लिए प्रारंभिक सर्वेक्षण शुरू हुआ है।
इससे पहले इस पर साधारण ड्रोन सर्वे 2 बार हो चुके हैं। अब तीसरा महत्वपूर्ण लिडार सर्वे चल रहा है। विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार योजना के तहत गरियाबंद जिले में आने वाली साइट का सर्वे का काम पूरा हो गया है। जबकि महासमुंद जिले के भीतर पडऩे वाली साइट का लिडार सर्वे जोरों पर चल रहा है। समाचार लिखते तक झलप से बागबाहरा के बीच ग्राम मुनगासेर में लिडार सर्वे की टीम पहुंची है। अंचल के किसान धरमदास साहू, नोहर, उत्तम, खेमराज बघेल, हेमंत इडसेना, निलेश साहू, टीकम चंद्राकर,सोमनाथ आदि सर्वेक्षण स्थल पर पहुंचे हैं।
इस सर्वेक्षण में लाइट डिटेक्शन एंड रेंजिंग जैसी नई तकनीक का इस्तेमाल कर जमीन की ऊंचाई के मॉडल बनाने के लिए किया जा रहा है। इसमें लेजर की मदद से जमीन की दूरी मापी जाती है। इतना ही नहीं इसके जरिये जमीन की सतह की भी सटीक जांच होती है। लिडार उपकरण को सर्वे के लिए विमान या ड्रोन पर भी लगाया जा सकता है। सिविल इंजीनियरिंग, सडक़ निर्माण, खनन जैसे बड़े-बड़े कामों में इसका उपयोग किया जाता है।
बताया गया है कि लिडार सर्वे पखवाड़े भर बाद पूर्ण हो जएगा। इससे मिलने वाले डेटा की प्रोसेसिंग होने केबाद इमेजेस बनेगी और इन इमेजेस और डेटा के आधार पर डीपीआर तैयार किया जाएगा। जिसे स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जाएगा। कार्यपालन अभियंता जल संसाधन विभाग गरियाबंद एस.के. बर्मन ने के अनुसार पैरी नदी पर वर्ष 1977 में निर्मित सिकासेर जलाशय के अतिरिक्त पानी को कोडार जलाशय महासमुंद तक पहुंचाने वाली यह बड़ी परियोजना एक बांध से दूसरे बांध को जोडऩे वाली प्रदेश की पहली परियोजना है।
इसके तहत बांध से बांध तक लिडार सर्वे किया जा रहा है। इसकी दूरी 120 किमी है। उन्होंने बताया कि सिकासेर से पानी लाकर कोडार बांध के कैचमेंट एरिया में छाड़ा जाएगा। जहां से सिकासेर बांध का पानी बहते हुए सीधे कोडार बांध में जा पहुंचेगा। इससे न सिर्फ महासमुंद वरन बागबाहरा ब्लॉक के उन खेतों को सिंचाई के लिए पानी मिल सकेगा। जिन्हें अन्य साधनों से पानी नहीं मिल पाता।