महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 12 दिसंबर। महासमुंद की एंटी नारकोटिक्स टास्क फ ोर्स ने मुखबिर की सूचना पर बरगढ़ ओडिशा से आ रहे अवैध मादक पदार्थ गांजे की बड़ी खेप पकड़ी है। एक सफेद रंग के स्वीफ्ट डिजायर कार में यह गांजा महासमुंद के रास्ते ओडिशा से उत्तर प्रदेश जा रहा था।
पुलिस की टीम महासमुंद जिले में प्रवेश करने वाले समस्त पाईंटों पर बल तैनात कर संदिग्ध वाहन की जांच कर रही थी, तभी बरगढ़ ओडि़शा की तरफ से एक सफेद रंह की स्वीफ्ट डिजायर कार महासमुंद की ओर आते दिखी। उसे नाके में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा की टीम ने रोका और चेकिंग शुरू की। चेकिंग के दौरान आरोपी गकार खड़ी कर जंगल की ओर भागने लगे। जिन्हें पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ा। नाम पता पूछने पर एक व्यक्ति ने अपना नाम रामसरे राजभर वाराणासी उत्तर प्रदेश और दीपक सिंह हरदुआ रींवा मध्यप्रदेश बताया। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीम ने वाहन की तलाशी में पीछे सीट व डिक्की में प्लास्टिक बोरियों में भरा हुआ कुल 72 पैकेट खाखी रंग के टेप से टेपिंग किया गया 144 किलो ग्राम मादक पदार्थ गांजा पाया। वाहन में अवैध गांजा परिवहन करते पाये जाने पर मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर 144 किलो ग्राम गांजा कीमती 21 लाख 60 हजार रुपए,स्वीफ्ट डिजायर वाहन कीमती 6 लाख रुपए कुल 27 लाख 60 हजार रुपए जप्त किया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि ओडि़शा से उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश में बिक्री करने गांजा ले जा रहे थे।दोनों आरोपियों के विरूद्ध थाना सिंघोड़ा में अपराध धारा 20 ख एनडीपीएस के तहत् मामला दर्ज कर दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।