महासमुन्द

गांजा तस्करों की चेन तोड़ रही महासमुंद की नारकोटिक्स टास्क फोर्स
10-Dec-2024 2:45 PM
गांजा तस्करों की चेन तोड़ रही महासमुंद की नारकोटिक्स टास्क फोर्स

जहां से सप्लाई हो रही वहां से लेकर जहां तक पहुंच दे रही दबिश

तीन प्रकरणों में गांजा स्पलायर, पविहन कर्ता तथा खरीददार तीनों को गिरफ्तार

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 10 दिसंबर। काफी लंबे समय से ओडि़शा से महासमुंद जिले के रास्ते देश के कोने-कोने में जारी तस्करी को रोकने महासमुंद पुलिस ने एक नारकोटिक्स टास्क फोर्स का गठन किया है। इस टीम में कुल 11 सदस्य हैं। टीम का नेतृत्व उप पुलिस अधीक्षक सारिका वैध कर रही हैं। इसी साल 19 सितम्बर को अस्तित्व में आई इस टीम ने इस बार तीन प्रकरणों में गांजा स्पलायर, पविहनकर्ता तथा खरीददार तीनों को गिरफ्तार किया है।

अतिरिक्त एस पी प्रतिभा पांडेय के अनुसार जनवरी 2024 से अब तक जिले में गांजा परिवहन के कुल 116 प्रकरण दर्ज किए गए हैं जिसमें 210 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। इन आरोपियों से 5412.53 किलो गांजा बरामद हुआ है। जिसकी कीमत 18 करोड़ 59 लाख 13 हजार 210 रुपए है। उक्त गांजे के परिवहन में प्रयुक्त 90 वाहनों को भी जब्त किया गया है। इसके अलावा नारकोटिक्स एक्ट के तहत दो अफीम पोस्त, 3 नशीली टैबल और एक नशीला सिरप का प्रकरण भी दर्ज किया है।

कल दोपहर कंट्रोल रूम में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में एएसपी प्रतिभा पांडेय ने बताया कि इसी साल सितंबर में गठित इस टीम ने जिले में गांजा की खरीदी, विक्री एवं परिवहन पर रोकथाम करते हुए अब तक 5 अंतर राजीय तथा 4 अन्य मिलाकर कुल 9 गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। बीते 6 दिसंबर को खल्लारी पुलिस ने एनएच 353 पर दो युवकों से 29 किलो गांजा बरामद किया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की तो उन्होंने गोकुल नगर टिकरापारा निवासी के पास गांजा ले जाना बताया। जिस पर नसीम मोहम्मद उर्फ  इरफान 33 वर्ष को गिरफ्तार किया गया।

इसके बाद 13 अक्टूबर को वाहन चेकिंग के दौरान फ ारेस्ट नाका सिरपुर में ठाकुरीकांपा थाना जरहागांव मुंगेली निवासी दो युवकों के कब्जे से 4 किलो गांजा कुल कीमत 80 हजार रुपए बरामद किया। आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि पकड़े गए गांजा परिवहनकर्ता ग्राम बरेला जिला मुंगेली निवासी प्रहलाद धुरी 26 वर्ष के पास गांजा ले जा रहे थे और देवलगुड़ी तुसरा, जिला बलांगीर, ओडि़शा निवासी झसकेतन राणा 34 वर्ष से खरीद कर ला रहे हैं। एएसपी ने बताया कि कोमाखान पुलिस ने ममता नामक से एक व्यक्ति को 3 किलो गांजे के साथ पकड़ा। पूछताछ में पता चला कि पकड़ा गया आरोपी थोड़े-थोड़े मात्रा में गांजा एकत्र कर अपने रिश्तेदार जमुना ओडि़शा हाल पता स्टेशन चौक कुम्हारी दुर्ग निवासी हुर्षिकस बाघ के पास छोड़ता है। जिस पर एनटी नारकोटिक्स टॉक्स फोर्स ने हुर्षिकस बाघ को गिरफ्तार किया।

कहा कि हर बार आरोपी तस्कर तो पकड़ाते ही हैं। लेकिन गांजा की सप्लाई करने वाले तथा इसके मुख्य खरीददार वर्षों से पर्दे के पीछे रहते हैं। अब पुलिस तस्करों के चैन प्वाइंटों को तोडऩे के लिये काम कर रही है। तस्करों के चैन को तोडऩे के लिये पुलिस ने अब एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का गठन कर तस्करों की तलाश शुरू कर दी है। टास्क फोर्स गठन होने के बाद से गांजा तस्करी के बड़े मामलों में कमी आयी है। हालांकि छोटे मामले जैसे बाइक में परिवहन, पैदल तथा ट्रेन में तस्करी अब भी जारी है। बीते 19 सितम्बर को टास्क फोर्स का गठन होने के बाद टीम ने तीन प्रकरणों में गांजा स्पलायर, पविहन कर्ता तथा खरीददार तीनों को गिरफ्तार किया गया है।


अन्य पोस्ट