महासमुन्द

कुरुद की 33 सोसाइटियों में साढ़े 4 लाख क्विंटल धान जाम
09-Dec-2024 6:58 PM
कुरुद की 33 सोसाइटियों में साढ़े 4 लाख क्विंटल धान जाम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 9 दिसंबर। उसना राईस मिलर्स द्वारा सोसाइटियों से धान का उठाव नहीं शुरू नहीं किए जाने से खरीद केंद्र में बफर स्टाक जाम हो गया है। वर्तमान में अरंवा मिल वाले अपनी क्षमता के अनुरूप कम मात्र में उठाव कर रहे हैं। सोसाइटी से उठाकर संग्रहण केन्द्र में धान रखने का ठेका जिसने लिया है उनका काम भी कछुआ चाल से चल रहा है। अगले कुछ दिनों में उठाव नहीं हुआ तो समितियों के समक्ष धान खरीदी बंद करने की नौबत आ सकती है।

 ज्ञात हो कि इस बार भी सरकार ने सहकारी समितियों के माध्यम से समर्थन मूल्य पर 14 नवंबर से धान खरीदी शुरू की। प्रतिदिन 40-45  हजार क्विंटल धान खरीदा जा रहा है जिसके तहत कुरुद विकासखंड की 33 खरीद केंद्र में शुक्रवार तक 6.78 लाख क्विंटल धान खरीदा जा चुका है। हालांकि खाद्य विभाग ने अरवा राईस मिलर्स को डेढ़ लाख क्विंटल धान का टीओ जारी किया है। लेकिन उस अनुपात में उठाव नहीं हो रहा है। ट्रांसपोर्टर ठेकेदार भी संग्रहण केन्द्र हेतु धीमी गति से उठाव कर रहे हैं। पर क्षेत्र की खरीद केंद्र अपनी स्टाक क्षमता का 80-90 प्रतिशत पूरा कर चुकी है। नियमित उठाव के अभाव में बफर स्टाक की समस्या से जुझ रही कोर्रा, जुगदेही, नारी, गुदगुदा जैसे खरीद केंद्र में धान खरीदी बंद होने के कगार पर है।

इस बारे में राईस मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष हितेन्द्र लख्खू केला ने बताया कि मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद हमने अपनी हड़ताल समाप्त कर दी है। लेकिन केंद्र सरकार से कस्टम मिलिंग से संबंधित कार्ययोजना की कार्रवाई पुरी नही हुई है। राज्य सरकार इस काम में जुटी है, जल्द ही प्रकिया पुरी होगी और उसना मिलों के लिए भी सभी केन्द्रो से धान का उठाव शुरू कर दिया जाएगा।


अन्य पोस्ट