महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 दिसंबर। पंचायत सचिव ने अपने स्थानांतरण के बाद प्रभार सौंपने के दौरान शासकीय अभिलेख रिकार्ड नवान्तुक सचिव को जानबूझकर नहीं दिया है। पूरे तीन साल से पंचाायत का अभिलेख उन्होंने अपने पास रखा है। यह प्रकरण लक्ष्मीपुर पंचायत का है और इसकी सम्पूर्ण जानकारी सीईओ जिपं महासमुंद को भी है। अब यह मामला कोर्ट पहुंच गया है।
सीईओ पर आरोप है कि उन्होंने आरोपित सचिव को 3 साल से निलंबित नहीं करके कार्रवाई के बजाय विभागीय संरक्षण दे रहे हैं। इस मामले की शिकायत प्रमुख सचिव छ.ग. शासन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को की गई है।
गौरतलब है कि ग्राम पंचायत लक्ष्मीपुर में आरटीआई कार्यकर्ता विनोद कुमार दास ने 29 नवम्बर 2021 को सूचना आवेदन लगाकर वांछित दस्तावेज की मांग की थी। जिसमें तत्कालीन सचिव मुरलीधर साव ने 17 दिसम्बर 2021 को लिखित में जवाब दिया कि उसे पूर्व तात्कालीन सचिव के द्वारा प्रभार के दौरान इस ग्राम पंचायत का अभिलेख रिकार्ड नहीं सौंपा गया है। जिस कारण वह सूचना दस्तावेज नहीं दे सकता है।
इसकी शिकायत आरटीआई के तहत विनोद दास ने कलेक्टर महासमुंद को 09 फरवरी 2022 को किया। इस पर भी कार्रवाई न होने पर उन्होंने इसकी शिकायत शासन स्तर पर पुन: किया। इस बार पंचायत संचालनालय के आदेश से जिला पंचायत ने जपं पिथौरा से जांच कराया। पूर्व सचिव कुन्ती आवड़े सूचना मिलने के बाद भी 31 अक्टूबर 2023 को जांच के दौरान अनुपस्थित रहीं।
अत: जांचकर्ता अधिकारी ने वस्तुस्थिति की जांच करके इसकी जानकारी सीईओ जपं पिथौरा को दी और पूर्व सचिव को सीईओ जपं ने 09 जनवरी 2024 को नोटिस जारी करके बयान देने कहा। इस पर भी कुन्ती आवड़े ने बयान नहीं दिया। इसके बाद सीईओ जपं ने अग्रिम कार्रवाई के लिए उक्त प्रकरण को जिला पंचायत में भेज दिया। तब जाकर एस. आलोक सीईओ जिपं ने 24 जनवरी को स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया।
इसमें सचिव कुन्ती आवड़े ने 5 फरवरी को लिखित बयान दिया कि वर्तमान सचिव (मुरलीधर साव) को वह सम्पूर्ण प्रभार एक सप्ताह के भीतर सौंप देंगी। लेकिन मुरलीधर साव को अभिलेख रिकार्ड दिलाने के बजाय सीईओ जिपं ने श्री साव का ही लक्ष्मीपुर से स्थानांतरण कर और कुन्ती आवड़े को भतकुन्दा पंचायत से लक्ष्मीपुर पंचायत में 4 मार्च को तबादला कर दिया। जिसका विरोध भतकुन्दा पंचायत की आदिवासी महिला सरपंच ने किया। माहौल गर्म हुआ, तब सीईओ एस. आलोक ने वहां से कुन्ती आवड़े को हटाने का आदेश देते हुए पुराने पंचायत में जाने कहा। जिस पर रोक के लिए कुन्ती आवड़े ने छग हाईकोर्ट में याचिका प्रस्तुत की। यहां प्रकरण अभी लंबित है। अब सचिव व सरपंच के मध्य विवाद की स्थिति निर्मित है। अपने ही आदेश का संशोधन करके जिला पंचायत सीईओ खुद ही फंस गये हैं।