महासमुन्द

ट्रेनों में यात्रियों को अब शुगर फ्री आहार का विकल्प, मधुमेह पीडि़तों को मिलेगी सुविधा
09-Dec-2024 2:55 PM
ट्रेनों में यात्रियों को अब शुगर फ्री आहार का विकल्प, मधुमेह पीडि़तों को मिलेगी सुविधा

जैन समाज ने किया निर्णय का स्वागत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 दिसंबर।
अब ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को अब शुगर फ्री आहार का विकल्प मिलेगा। यानी मधुमेह से पीडि़त लोग आसानी से शुगर फ्री भोजन का आर्डर कर सकेंगे। हजारों की संख्या में मधुमेह से पीडि़त यात्रियों की परेशानियों को देखते हुये भारतीय रेल मंत्रालय ने यह निर्णय लिया है। इस निर्णय का महासमुंद में निवासरत जैन-मारवाड़ी समाज के लोगों ने स्वागत किया है। 

मिली जनकारी के अनुसार मधुमेह यानी शुगर के मरीजों को यात्रा के दौरान सर्वाधिक परेशानियों समय पर भोजन तथा मीठे या फिर शुगर को लेकर होती है। 
रेल में तथा प्लेटफार्मों पर मिलने वाला आहार मधुमेह पीडि़तों के लिये सही नहीं रहता। ऐसे में लंबी दूूरी तक सफर करने वाले लोगों को अधिक समय तक खाली पेट रहने मजबूर होना पड़ता है, वहीं इसका असर उनकी सेहत पर पड़ता है।

खासतौर पर सीनियर सिटीजंस को प्लेटफार्म के बाहर जाकर शुगर फ्री भोजन का प्रबंध करना बेहद कठिन होता है। फलस्वरूप रेल सरकार ने ट्रेन में ही शुगर फ्री भोजन की सुविधा शुरू कर दी है। फिलहाल यहां सुविधा महानगरों में शुरू की जा चुकी है। नववर्ष 2025 से यह सुविधा प्रदेश के अनेक जिलों में प्रारंभ हो जायेगी। शुरूआत में यह सुविधा ट्रेनों के पेंट्री कार में शुरू होगी। 

गौरतलब है कि जैन समुदाय के लोग शाम 6 बजे या रात होने से पहले खाना खाना पसंद करते हैं। उनके खाने में लहसु, प्याज आदि कई चीजें वर्जित हैं। लेकिन ट्रेनों में यह सुविधा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में उन्हें खास तौर पर लंबी दूरी की ट्रेनों में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए रेलवे बोर्ड ने अब जैन भोजन की सुविधा दी है।

अत: अब महासमुंद के प्लेटफार्मों में भी स्टॉलों के माध्यम से रेल शुगर फ्री आहार की विक्रय की जायेगी। जैन समाज ने बताया है कि रेलवे बोर्ड के डायरेक्टर तथा पैसेंजर मार्केटिंग ने इस संबंध में सभी जोन को आदेश जारी कर दिए हैं। अभी ट्रेनों में सिर्फ  वेज और नॉनवेज खाने का ही विकल्प उपलब्ध है। रेलवे बोर्ड के आदेश के बाद अब रिजर्वेशन टिकट पर डायबिटिक खाने का विकल्प भी मिलेगा। देश में डायबिटीज के मामलों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने ट्रेनों में शुगर भोजन की सुविधा शुरू करने का फैसला किया है। 


अन्य पोस्ट