महासमुन्द
दोनों को एक-एक लाख अर्थदंड
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 दिसंबर। एक गांजा तस्कर को 11 वर्ष व दूसरे को 14 साल सश्रम कारावास की सजा कोर्ट ने सुनाई है, साथ ही दोनों को एक-एक लाख रुपए अर्थदंड से दंडित किया है।
गांजा तस्करी में एनडीपीएस विशेष न्यायाधीश संघपुष्पा भतप्रहरी ने आरोपी को 11 वर्ष का सश्रम कारावास और 1 लाख रुपए के आर्थिक दंड से दंडित किया है। मामले में अर्थदंड नहीं चुकाए जाने पर आरोपी को एक वर्ष का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा।
अभियोजन पक्ष से मिली जानकारी के अनुसार 16 मार्च को तुमगांव पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक बिना नंबर नीले रंग की स्वराज ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे गुप्त चेंबर में अवैध रूप से मादक पदार्थ गांजा रखा है, जो पटेवा की ओर से परिवहन करते हुए तुमगांव आ रहा है। सूचना पर हमराह स्टाफ एवं गवाहों को साथ लेकर मौका स्थल पर उक्त संदिग्ध वाहन को घेराबंदी कर रोका गया। नाम पता पूछने पर ट्रैक्टर चालक ने अपना नाम अरविंद कुमार त्रिवेदी होना बताया।
पुलिस द्वारा ली गई तलाशी में उसके पास रखे वाहन ट्रेक्टर ट्राली के नीचे बने चेंबर के अंदर 28 पैकेट भूरे रंग के टेप में लिपटा हुआ 64.880 किलो गांजा बरामद किया गया। मामले में तुमगांव पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 बी पंजीबद्ध किया और आरोपी को गिरफ्तार कर इसकी सूचना उसके परिजनों को दे दी गई। अभियोजन की ओर से पैरवी विशेष लोक अभियोजक नूतन साहू ने की।
इसी तरह के एक अन्य मामले में सरायपाली में एनडीपीएस की विशेष न्यायाधीश शोभना कोष्टा ने आरोप सिद्ध होने पर 14 वर्ष के सश्रम कारावास व एक लाख रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई है। मिली जानकारी के अनुसार विगत 17 फरवरी 2024 को सिंघोड़ा पुलिस ने रेहटीखोल के पास एक जिप्सी से 50 किलो गांजा जब्त कर उसका परिवहन कर रहे ग्राम पिलाना थाना कलानौर जिला रोहतक हरियाणा निवासी वीरेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया था। सुनवाई के दौरान दोष सिद्ध होने पर न्यायाधीश ने 14 वर्ष के सश्रम कारावास व एक लाख रुपए अर्थ दंड की सजा सुनाई है।