महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 8 दिसंबर। शासकीय कुलदीप निगम उच्च माध्यमिक शाला नर्रा से करीब सवा लाख रुपये की आर्थिक अनियमितता के आरोपी गजराज पांडे शिक्षक को पीएमश्री आत्मानंद स्कूल बागबाहरा का प्राचार्य बना देने का मामला प्रकाश में आया है।
मिली जानकारी के अनुसार शासकीय कुलदीप निगम स्कूल में आर्थिक अनियमितता के आरोप के दोषी प्राचार्य गजराज पांडे, (पूर्व प्राचार्य शासकीय कुलदीप निगम उच्चतर माध्यमिक शाला नर्रा)जिसे जिला शिक्षा अधिकारी महासमुंद द्वारा आर्थिक गबन के कारण वसूली के आदेश दिए गये है, उन्हें ही पीएम श्री अंग्रेजी माध्यम स्कूल का प्राचार्य बना दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार यह नियुक्ति पूर्व प्राचार्य मधु सिरमौर को हटाकर , पीएमश्री स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल बागबाहरा में ही कार्यरत गजराज पांडे (पूर्व प्राचार्य शासकीय कुलदीप निगम उच्चतर माध्यमिक शाला नर्रा) को प्राचार्य बनाया गया है।
गजराज पांडे के शासकीय कुलदीप निगम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नर्रा में प्रभारी प्राचार्य रहते जिला शिक्षा अधिकारी महासमुंद ने आर्थिक अनियमितता का दोषी मानते हुए एक लाख बीस हजार छ: सौ तेईस रुपए की राशि वसूली का आदेश जारी किया है, किन्तु आज 4 वर्ष उपरांत भी विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत के चलते उक्त राशि की वसूली नहीं कर पाने वाले विभाग ने उन्हें ही पीएमश्री स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल बागबाहरा में प्राचार्य बनाया है।
सूत्रों से ज्ञात हुआ कि, पूर्व प्राचार्य से पदभार प्राप्त करते ही गजराज पाडे ने अपने ही शाला के पूर्व प्राचार्य मधु सिरमौर की लिखित शिकायत भी जिला शिक्षा अधिकारी को कर दी है। इससे शाला के स्टाफ में मनमुटाव का परिणाम छात्रों को भुगतना पड़ रहा है।