महासमुन्द
समिति केन्द्रों के प्रभारियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 दिसंबर। जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों में धान के स्टॉक जमा होने और धान उठाव की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से परेशान धान समिति केन्द्रों के प्रभारियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंप कर आगामी 10 दिसंबर से धान खरीदी बंद करने की चेतावनी देते हुए ज्ञापन सौंपा दिया है। समितियों के प्रभारियों ने जिला कलेक्टर सहित तमाम अधिकारियों को 3 दिसंबर को ही इस बात की सूचना देते हुए धान उठाव का निवेदन किया था, लेकिन आज 8 दिसम्बर हो जाने के बाद भी इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से चिंतित समितियों के प्रभारियों ने ये ऐलान कर दिया है कि धान का उठाव समितियों से नहीं होने की स्थिति ने 10 दिसंबर से धान की खरीदी पूरी तरह से बंद कर दी जाएगी।
ग़ौरतलब है कि छत्तीसगढ़ राज्य सरकार की मंशा अनुरूप जिले के उपार्जन केन्द्रों में बफर लिमिट से अधिक धान डंप है। उठाव हेतु कोई ठोस कदम नहीं उठाये जा रहे। जिसका सीधा नुकसान सोसायटियों को होगा। जिले में अभी तक केवल टेमरी से 240 एवं जोगनीपाली से 480 क्विंटल धान का परिवहन हुआ है। जबकि अन्य किसी भी खरीदी केन्द्र से धान का उठाव शुरू ही नहीं हुआ है। जिला राइस मिल एसोसिएशन ने मिलर्स को पुरानी राशि नहीं मिलने तक अनुबंध नहीं कराने की बात को लेकर आज 8 दिसम्बर को एक दिवसीय धरना का आयोजन किया है। अगर मिलर्स की मांगे पूरी भी हो जाती है तो भी धान हेतु अनुबंध में सप्ताह भर लग जायेंगे। लिहाजा धान का परिवहन में लेट लतीफी होगा।
समितियों में धान जाम
जिले के 182 धान खरीदी केंद्रों में 14 नवम्बर से धान की खरीदी नीति के परिपालन में जिले के समस्त उपार्जन केन्द्रों में सुचारू रूप से धान खरीदी किया जा रहा है। लेकिन अब तक धान का उठाव नहीं होने की वजह से समितियों में भारी मात्रा में धान जाम हो गया है। इसके अलावा मौसम के बिगड़ते मिजाज ने समिति प्रभारियों की चिंता और बढ़ा दी है। विगत 6 दिसंबर को सौंपे ज्ञापन के माध्यम से जिला सहकारी समिति कर्मचारी संघ द्वारा अंतिम चेतावनी देते हुए पत्र का लेख में जिले के समस्त उपार्जन केन्द्रों में बफर लिमिट से अधिक धान की खरीदी हो गई है। तत्पश्चात धान उपार्जन केन्द्रों से धान के परिवहन के अभाव में बफर लिमिट से अधिक धान की खरीदी हो जाने तथा खरीदी धान को फड़ में रखने के लिए जगह का अभाव हो रहा है। जिससे जगह के अभाव में उपार्जन केन्द्रों के द्वारा धान खरीदी करना संभव नहीं है। जिसकी सूचना शासन प्रशासन को दिनांक 3 दिसम्बर को अवगत करा दिया गया है। बावजूद आज पर्यंत धान का उठाव हेतु व्यवस्था नहीं किया गया है। धान का उठाव समिति से समय पर न होने के कारण तथा जिले के समस्त समिति के द्वारा 9 दिसम्बर तक समस्त धान परिवहन की व्यवस्था न होने की स्थिति में आगामी 10 दिसम्बर को शासन की महत्वपूर्ण योजना धान खरीदी जिले के समस्त उपार्जन केन्द्रों के द्वारा बंद करनी पड़ेगी। जिसकी संपूर्ण जवाबदारी शासन प्रशासन की होगी।
बताना जरूरी है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में महासमुंद जिला धान उपार्जन एवं परिवहन में अव्वल रहा है। लेकिन इस वर्ष की स्थिति कुछ अलग है। जिले के 130 सहकारी समितियों के 182 उपार्जन केंद्रों के माध्यम अब तक अड़तालिस हजार किसानों से करीब अड़तालिस लाख क्विंटल से भी अधिक धान की खरीदी कर ली गई है। जिसमें महज सात आठ उपार्जन केन्द्रों से करीब ढाई हजार क्विंटल धान का उठाव हो पाया है। उपार्जित धान का उठाव नहीं होने से समिति प्रबंधन की सांसें फूल रही है। धान में आनी वाली सूखत को लेकर
समिति प्रबंधन में गहरी चिंता व्याप्त है। जिले के सभी उपार्जन केंद्रों ने बफर लिमिट से अधिक धान डंप कर रखे है। लेकिन परिवहन हेतु कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उपार्जन केंद्रों में परिवहन के अभाव में जगह नहीं होने के कारण कल सोमवार से धान की खरीदी प्रभावित होने की सूचना धान खरीदी से जुड़े नोडल अधिकारियों को दी जा चुुकी है।
बारिश के कारण भी धान खरीदी प्रभावित होगी
जयप्रकाश साहू, अध्यक्ष, सहकारी समिति कर्मचारी संघ, महासमुंद का कहना है कि वर्षों बाद संग्रहण केंद्रों को फिर से खोला जा रहा है,विगत वर्ष संग्रहण केंद्र में परिवहन शून्य था। जिससे करोड़ों रुपए का फायदा शासन को अकेले महासमुंद जिले से था। संग्रहण केंद्रों के खुल जाने से अब करोड़ों रुपए का नुकसान परिवहन भाड़े, हमालों आदि व्यवस्था में तय है। इधर मौसम विभाग द्वारा जारी अनुमान के मुताबिक आगामी सोमवार-मंगलवार को बारिश की सम्भावना व्यक्त की गई है। यदि अनुमान सही पाया गया तो कल से बारिश के कारण भी धान खरीदी प्रभावित होगी।
धान का उठाव शुरू हो चुका है-टिकेंद्र
टिकेंद्र राठौर डीएमओ, महासमुंद का कहना है कि धान का उठाव शुरू हो चुका है। आगामी दिनों उठाव में तेजी आएगी। फिलहाल उठाव को लेकर गंभीरता से प्रयास जारी है।