महासमुन्द
दस हजार आने का दावा था, सौ लोग ही पहुंचे, एसडीएम को ज्ञापन सौंप वापस लौटे
कहा-नपाध्यक्ष-परिवार के खिलाफ दर्ज मामले वापस करने की मांग करने आए थे, अब 15 दिसंबर को घेरेंगे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 दिसंबर। नगर पालिका दफ्तर में पालिकाध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग के साथ मारपीट के बाद पूर्व नपाध्यक्ष के घर तोडफ़ोड़ मामले में पालिकाध्यक्ष राशि महिलांग, उनके पति त्रिभुवन महिलांग और पुत्र अंकित महिलांग सहित 2 अन्य समर्थकों पर दर्ज एफआईआर को निरस्त करने की मांग को लेकर कल सर्व अनुसूचित जाति वर्ग ने एसपी कार्यालय घेराव की चेतावनी दी थी, लेकिन कलेक्टर गेट पर अभूतपूर्व किलेबंदी तथा शहर से जुड़ी तमाम रास्तों पर जबरदस्त नाकेबंदी की वजह से यह कार्यक्रम निरस्त हो गया।
घेराव के पहुंचने वाली दस हजार की भीड़ वाली टार्गेट में से लगभग सौ लोग ही महासमुंद पहुंच सके थे। ये सौ लोग भी पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक पहुंचने में असफल रहे और महज ज्ञापन सौंपकर लौट गये।
शहर में इस घेराव के लिए पुलिस ने सैकड़ों जवानों का सहयोग लेकर बैरिकेट सुरक्षा व्यवस्था के अभूतपूर्व इंतजाम किये थे। अल सुबह पुलिस की कई टुकडिय़ां शहर के चारों और तैनात कर दी गई थीं। एसपी आशुतोष सिंह ने कलेक्टोरेट गेट पर काफी मजबूत घेराबंदी की थी। सभी चौक चौराहों पर बल तैनात थे। कोतवालों को भी बुलाया गया था। शहर में प्रवेश वाले मार्गों पर नाकेबंदी की गई थी। इस घेराबंदी के कारण सर्व अनुसूचित जाति द्वारा आहुत घेराव कार्यक्रम सफल नहीं हो सका और अपरान्ह तीन बजे लगभग सौ लोगों ने ही बगैर एसपी दफ्तर की ओर कूच किए रास्ते के एक चौक में एसडीएम को ज्ञापन सौंप दी।
इस बीच पूरे 10 घंटे पुलिस अलर्ट मोड पर रही। सुबह 10 बजे सभी जवानों को भोजन पानी के बाद नियत स्थानों पर तैनात की गई। घेराव के लिए पहुंचने वाली रास्तों में बेरिकेट के स्थानों पर पड़े गिट्टियां, लकडिय़ां आदि हटा दी गईं। पूर्वान्ह 11 बजे तक पुलिस को लगा था कि सभा के बाद भीड़ रैली की शक्ल में एसपी दफ्तर पहुंचेगी। लेकिन इंतजार करते-करते अपरान्ह के तीन बज गये लेकिन घेराव करने वाले कोई भी एसपी दफ्तर की ओर नहीं आया। दादाबाड़ा में एकत्र सौ लोगों की भीड़ ने वहां उपस्थित एसडीएम को ज्ञापन सौंप दिया।
ज्ञापन में लिखा है कि आगामी 14 दिसंबर तक राशि महिलांग समेत परिवार के खिलाफ दर्ज मामले वाप नहीं होते हैं तो 15 दिसंबर को फिर से एसपी दफ्तर का घेराव सर्व अनुसूचित समाज द्वारा किया जाएगा।
अमूमन हर बार शहर में घरना आंदोलन के चलते यातायात व्यवस्था बाधित होती आई है। लेकिन कल शहर में किसी भी मार्ग में आवाजाही बाधित नहीं थी। कलेक्टर दफ्तर प्रांगण के दूसरी छोर एसपी दफ्तर है। अत: कलेक्टोरेट गेट में अभूतपूर्व किलेबंदी की गई थी और बावजूद इसके यातायात व्यवस्था बहाल थी। चाक चौबंद पुलिस व्यवस्था के चलते जिला मुख्यालय पहुंचने के पूर्व ही आंदोलनकारियों को शहर के बाहर ही रोक दिया गया था। आंदोलनकारियों के मुताबिक 10 हजार की संख्या में एसपी कार्यालय का घेराव किया जाना था। मिली जानकारी के अनुसार बलौदाबाजार जैसी घटना को ध्यान में रखते हुये पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शन की रात से ही कलेक्टोरेट में चाक चौबंद व्यवस्था कर रखी थी। वहीं बेमचा, लभरा, मचेवा सहित जिला मुख्यालय आने वाले सभी मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किये गये थे। सुबह से ही कलेक्टोरेट मार्ग छावनी में तब्दील था। जिले के सभी एसडीएम धरनास्थल दादाबाड़ा पहुंचे हुये थे। रायपुर रेंज के सभी जिलों के डीएसपी,एसडीओ तथा बड़ा पुलिस बल यहां पहुंचा था।
सर्व अनुसूचित जाति समाज द्वारा एसपी कार्यालय घेराव की चेतावनी के लिए नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने पुलिस प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है। इनका कहना है कि शुक्रवार को घेराव की चेतावनी के बाद पुलिस प्रशासन द्वारा लिए गए एक्शन पर पुलिस इस मामले में एक्शन लेते हुए कार्रवाई करती तो सर्व अनुसूचित जाति समाज को घेराव का ऐलान नहीं करना पड़ता। इनका आरोप है कि पुलिस प्रशासन हाथ में हाथ धरे बैठी रही। जिसकी वजह से समाज को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ा। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन मेरे रिश्तेदारों, पड़ोसियों और समर्थकों की धरपकड़ कर उन्हें बेवजह परेशान कर रही है। श्रीमती महिलांग ने कहा कि न्याय मिलने तक यह लड़ाई जारी रहेगी।
गौरतलब है कि सर्व अनुसूचित जाति समाज की दो मांगों में एक मांग नगर पालिका अध्यक्ष राशि महिलांग से मारपीट मामले में पूर्व पार्षद पंकज साहू की गिरफ्तारी की भी मांग थी। इसमें पूर्व पार्षद श्री साहू ने बुधवार को देर शाम थाने पहुंचकर गिरफ्तारी दे दी है। एमएलसी के बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। और इसी मामले में पंकज साहू की पत्नी ममता साहू की रिपोर्ट पर 7 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जिसमें दीपक ठाकुर, सुशील सोनी, मनोज कुमार, नीतिन राजपुरोहित, पार्षद बबलू हरपाल, सूरज नायक,दीपक चन्द्राकर शामिल हैं। इन सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। अब सर्व समाज की मांग है कि राशि त्रिभुवन महिलांग, उनके पति त्रिभुवन महिलांग, पुत्र अंकित महिलांग व उनके दो समर्थकों के खिलाफ लगी धारा 115-2,351-2, 309-4 व 192-2 को खारित किया जावे। वरना आगामी 15 दिसम्बर को फिर से घेराव किया जाएगा।