महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 7 दिसंबर। कसडोल मार्ग पर अंजली स्कूल के समीप कर्मचारी कॉलोनी के सामने शुक्रवार की शाम एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक साइकिल सवार युवक को कुचल दिया। सडक़ हादसे में साइकिल सवार युवक के चिथड़े उड़ गए। मृतक समीप के ग्राम लहरौद निवासी गोरे लाल सेन बताया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार पिथौरा में नाई का कार्य करने वाला गोरेलाल सेन अपने गृहग्राम लहरौद से पिथौरा आने के लिए सायकल से निकला था। इस बीच लहरौद और पिथौरा के बीच ओवरब्रिज के नजदीक ही पिथौरा से कसडोल की ओर जा रही एक ट्रक ने साइकिल से जा रहे गोरेलाल को ठोकर मार दी। इस हादसे में गोरेलाल की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक को तत्काल भगा ले गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने ततपरता दिखाई और ट्रक का पीछा किया, परन्तु रास्ते में ही चालक ने ट्रक क्रमांक सीजी 06 एचए 8725 को छोड़ कर भागने में सफल हो गया।
बहरहाल, स्थानीय पुलिस ने ट्रक जब्त कर ली है। थाना प्रभारी शशांक पुराणिक ने इस संबंध में बताया कि ट्रक की जब्ती कर ली गयी है। ट्रक चालक को भी शीघ्र ही पकड़ लिया जाएगा।