महासमुन्द

15 लाख लीटर पानी बेवजह बहाने का आरोप
05-Dec-2024 5:48 PM
15 लाख लीटर पानी बेवजह बहाने का आरोप

भाजपा पार्षदों ने की दोषियों पर एफआईआर की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 5 दिसंबर। नगर में मूलभूत सुविधाओं को बाधित करने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध भाजपा पार्षदों ने विधायक तथा कलेक्टर से मुलाकात की तथा दोषियों के विरुद्ध तनख्वाह काटने तथा जनविरोधी मामला दर्ज करने की मांग की है। गारैतलब है कि नपाध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग के साथ हुई मारपीट के विरोध व पूर्व पार्षद पंकज साहू की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नगर पालिका कर्मचारी संघ ने सोमवार से अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू कर दिया। जिससे सोमवार दिन भर और मंगलवार शाम तक वार्डों में जलापूर्ति बाधित होने के साथ ही स्ट्रीट लाईटें बंद रही व सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई।

कर्मचारियों द्वारा जनता को मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखने के विरोध में कल भाजपा पार्षदों ने मोर्चा खोलते हुए विधायक एवं कलेक्टर से मुलाकात कर मूलभूत सुविधा बहाल करने की मांग कीहै। साथ ही दोषी कर्मचारियों का वेतन काटने और जन विरोधी मामला दर्ज करने की मांग की है। प्रेस क्लब में अयोजित इस पत्रकारवार्ता में भाजपा पार्षद देवीचंद राठी, मीना वर्मा, महेंद्र जैन, मनीष शर्मा, बड़े मुन्ना देवार ने कहा कि स्थानीय नगर पालिका के अधिकारियों-कर्मचारियों पर दबाव डालकर जनता की मूलभूत सुविधा को छीनने का कार्य किया गया है।

पार्षदों ने आरोप लगाया कि नपाध्यक्ष अपनी राजनीतिक छवि चमकाने शहर की जनता के हितों के साथ खिलवाड़ कर रही है। बताया गया कि शहर की पांचों टंकियों से लगभग 15 लाख लीटर पानी कर्मियों द्वारा व्यर्थ बहाया गया है। शहर में सफाई, नल, बिजली के लिए जनता शुल्क चुकाती है। लेकिन अपने राजनैतिक फायदे के लिए नपाध्यक्ष पालिका प्रशासन का दुरूपयोग कर रही। यदि किसी के राजनीतिक दबाव में अधिकारी-कर्मचारी जनता की मूलभूत सुविधाओं को बंद करते हैं तो शहर की हर वार्ड की जनता पालिका प्रशासन और अध्यक्ष के खिलाफ सडक़ों पर उतरेगी।

भाजपा पार्षदों ने कहा कि दो गुटों के आपसी विवाद को राजनैतिक रूप दे दिया गया है। लगातार नगर पालिका अध्यक्ष के समर्थकों के द्वारा ज्ञापन देकर पूर्व पार्षद की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है। पालिका प्लेसमेंट कर्मचारियों ने भी सोमवार को शहर में पानी सप्लाई बंद कर करीब 15 लाख लीटर पानी को व्यर्थ बहा दिया। शहर में बिजली बंद कर दी गई। देर तक शहर अंधेरे में डूबा रहा। जब वार्डों में पानी को लेकर लोगों ने आक्रोश व्यक्त करना शुरू किया तो भाजपा पार्षदों को मोर्चा संभालना पड़ा।

पार्षदों ने बताया कि शासन से अध्यक्ष सहित सीएमओ और जिम्मेदार कर्मचारियों को हटाने की मांग को लेकर विधायक से मुलाकात की है। विधायक ने जिला प्रशासन को व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा है। पार्षदों ने बताया कि कलेक्टर की गैर मौजूदगी में डिप्टी कलेक्टर से मिलकर मूलभूत सुविधाओं को बहाल करने की मांग की गई है। भाजपा पार्षदों ने कहा कि अध्यक्ष व पूर्व पार्षद की आपसी लड़ाई में अध्यक्ष ने प्लेसमेंट कर्मचारियों के माध्यम से पूरे शहर को पिछले 24 घंटे के लिए मूलभूत सुविधाओं से वंचित कर दिया है। ऐसे में शासन को अध्यक्ष को हटाकर प्रशासक बैठा देना चाहिए ताकि जनता को मूलभूत सुविधाओं से वंचित न होना पड़े।


अन्य पोस्ट