महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 दिसंबर। अंचल के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल अर्जुंडा धाम में स्थित दुर्गा मंदिर से सोमवार की रात अज्ञात चोरों ने लाखों रुपयों के आभूषणों सहित दान पेटी से लाखों रुपए नगदी की चोरी कर ली। सुबह मंदिर खोलने के लिए पहुंचे पुजारी ने मंदिर समिति को इसकी जानकारी दी तथा पुलिस को भी सूचना दी गई। पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध कायम कर उनकी पतासाजी मिली जानकारी के अनुसार सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात कुछ अज्ञात चोरों ने सरायपाली बार्डर स्थित अर्जुण्डा के माता दुर्गा मंदिर में जाकर वहां रखे दो दान पेटियों से लाखों रुपयों की चोरी कर ली। बताया जाता है कि लगभग 8 माह पूर्व ही मंदिर में देवी दुर्गा की प्राण प्रतिष्ठा की गई थी और तभी से मंदिर के दान पेटियों को खोला नहीं गया था। इसके दान पेटी से भी लाखों रुपए पार करने के अलावा चोरों ने दुर्गा की प्रतिमा के सोने का मुकुट, चांदी की छतरी, सोने की अंगूठी, हार, कमरबंद, चैन आदि आभूषणों की भी चोरी कर ली। मंदिर के पुजारी जब सुबह मंदिर खोलने के लिए वहां पहुंचे तो उन्हें चोरी होने की जानकारी हुई।
पुजारी ने इस मामले में सर्वप्रथम मंदिर समिति को इसकी सूचना दी। पश्चात् थाने को इसकी भी जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर थाना प्रभारी, पुलिस स्टाफ पहुंचे। चोरों ने दान पेटी को भी मंदिर से कुछ दूर खेत में फेंक दिया था। दान पेटी के वजन को देखते हुए अंदेशा लगाया जा रहा है कि चोरों की संख्या 7 से 8 हो सकती है। मामले में जांच के दौरान पुलिस को कुछ स्थानों के सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं, जिसके आधार पर जांच की जा रही है। साथ ही क्षेत्र के सभी मार्गों व शहर के सीसीटीवी फुटेज को भी पुलिस खंगाल रही है।