महासमुन्द

जिपं के अफसरों पर आरोपी पंचायत सचिव को संरक्षण देने का आरोप
04-Dec-2024 2:18 PM
जिपं के अफसरों पर आरोपी पंचायत सचिव को संरक्षण देने का आरोप

मंत्रालय के निर्देश से कलेक्टर करेंगे अब जांच कार्रवाई  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 दिसंबर।
आरोपी पंचायत सचिव को जिला पंचायत महासमुंद के अधिकारियों के द्वारा विभागीय संरक्षण दिये जाने के मामले में छग शासन पंचायत एवं ग्रामीण विभाग विभाग मंत्रालय के निर्देश से संचालक पंचायत संचालनालय छग द्वारा जांच करके अग्रिम कार्रवाई करने के लिए कलेक्टर महासमुंद को स्पष्ट आदेश दिया गया है। 

इस मामले में जानकारी मिली है कि सूचना के अधिकार के तहत ग्राम पंचायत भोकलुडीह के तत्कालीन सचिव रोहित पटेल ने छग राज्य सूचना आयोग में मिथ्या बयान दिया था। पंचायत सचिव ने बताया था कि उसे दस्तावेज शुल्क के रूप में मनीआर्डर राशि आवेदक ने नहीं भेजा था। जिसमें आरटीआई कार्यकर्ता विनोद कुमार दास के आपत्ति में मुख्य सूचना आयुक्त एमके राउत ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत महासमुंद को जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का आदेश दिया। 

आदेश के बाद जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सच्चिदानंद आलोक ने 2 अगस्त 2022 को प्रतिवेदन दिया कि मनीआर्डर राशि को रोहित पटेल ने लेने से इंकार किया है, इसलिए रोहित पटेल पूर्णतया दोषी है।

इस मामले की शिकायत होने पर पुन: जिला पंचायत महासमुंद ने जांच जपं पिथौरा से कराया। जांच प्रतिवेदन पाने के बाद संस्थित विभागीय जांच में दिप्ती साहू उप संचालक पंचायत महासमुंद ने प्रकरण को नस्तीबद्ध करने लिए 3 सितंबर को नोटशीट चलवाई है। आरोप है कि इसमें रोहित पटेल को क्लीन चिट देने का प्रयास किया गया है। जबकि इस प्रकरण में उनके ही वरिष्ठ अधिकारी सच्चिदानंद आलोक ने स्वयं ही प्रतिवेदन दिया है।

आरटीआई कार्यकर्ता विनोद कुमार दास ने दोषी सचिव को जिला पंचायत महासमुंद के अधिकारियों द्वारा विभागीय संरक्षण देने व लीपालोती करने के संबंध में अमिताभ जैन आईएएस मुख्य सचिव और निहारिका बारीक सिंह आईएएस प्रमुख सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को 25 सितंबर 2024 को लिखित शिकायत किया है। जिस पर प्रियंका ऋषि महोबिया संचालक पंचायत संचालनालय छग ने इस प्रकरण की जांच के लिए कलेक्टर महासमुंद को 20 नवंबर 2024 को निर्देशित किया है। 

सूचना का अधिकार लगाने वाले विनोद कुमार दास का कहना है कि सचिव रोहित पटेल को आज पर्यन्त सीईओ जिला पंचायत महासमुंद ने प्रथम दृष्टया दोषी पाये जाने के 2 साल बाद भी निलंबित नहीं किया है। इनका यह भी आरोप है कि टाइम पास कर लीपापोती की मंशा से प्रकरण नस्तीबद्घ करने में अधिकारी जुटे हुए हंै।      
 


अन्य पोस्ट