महासमुन्द

कुहरी मोड़ पर ट्रैक्टर के इंजन-पहिए-बेरिंग को चीरते हुए पिकअप अंदर घुस गया
02-Dec-2024 2:04 PM
कुहरी मोड़ पर ट्रैक्टर के इंजन-पहिए-बेरिंग को चीरते हुए पिकअप अंदर घुस गया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,2 दिसंबर।
रविवार की सुबह नेशनल हाईवे.53 कुहरी-सिरपुर मोड़ के पास तेज रफ्तार पिकअप और ट्रैक्टर में टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि ट्रैक्टर के दो टुकड़े हो गए हैं। ट्रैक्टर के इंजन-पहिए-बेरिंग को चीरते हुए पिकअप वाहन अंदर घुस गया। इससे सामने का दोनों पहिया बाहर निकल आया और इंजन दो भागों में बंट गया। 

यह घटना रविवार सुबह करीब 10.30 बजे की बताई जा रही है। ट्रैक्टर चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर चालक जय प्रकाश साहू सुबह 10 बजे रविवार को सारखी से गोड़पाली धान कटाई में ट्रैक्टर को लगाने जा रहा था। इसी दौरान सिरपुर टर्निंग के पास तेज रफ़्तार पिकअप ट्रक को ओवरटेक कर आगे निकलने का प्रयास कर रहा था। सामने से आ रही ट्रैक्टर में घुस गया। जिससे ट्रैक्टर के दो टुकड़े हो गए। पिकअप को सामने आते देख ट्रैक्टर चालक ने कूदकर जान बचाई।

बताया गया है कि पिकअप में तीन लोग सवार थे, जो नशे में धुत थे। ट्रैक्टर से टकराने के बाद तीनों युवक गाड़ी से कूदकर महासमुंद की ओर भाग निकले। ट्रैक्टर चालक का कहना है कि आवाज दी थी इसके बावजूद तीनों युवक भाग निकले। हादसे में पिकअप सवार युवकों को चोटें आई हैं। इस दौरान 20 मिनट तक सडक़ में जाम लगा। पिकअप और ट्रैक्टर की टक्कर के बाद दोनों गाडिय़ों के हिस्से बीच सडक़ में इधर-उधर बिखर गए। इसके चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसल दौरान करीब 20 मिनट तक सडक़ जाम रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहनों को हटवाया।
 


अन्य पोस्ट