महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,1 दिसंबर। शनिवार से जिले में रुक-रुक कर बारिश जारी है। कल दिन भर सूरज दिखा ही नहीं और आज भी आसमान बादलों से ढंका हुआ है, ठंडी तेज हवाएं बह रही है। इससे जिले में धान कटाई, खरीदी व्यवस्था प्रभावित है। बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोन फेंगल के असर से जिले में हल्की बारिश जारी है।
कल दोपहर बाद से जिले में बारिश शुरू हुई और शाम को बसना, सांकरा, भगतदेवरी, भंवरपुर, गढफ़ुलझर, भूकेल, सिंघनपुर सहित पूरे क्षेत्र में बारिश हुई। धान काट रहे किसानों को धान कटाई का काम तत्काल रोकना पड़ा। वहीं हार्वेस्टर खेत से निकाल कर गांव की ओर लौट आये। वरिष्ठ कृषि अधिकारी जीपी शरणागत ने बताया 2 दिसंबर तक कमोबेश मौसम की यही स्थिति बने रहने की संभावना है।
अब चूंकि बारिश से रस्ता, खेत और फसल गीले हैं। अत: अब खेतों तक हार्वेस्टर नहीं पहुंच पाएगा। बारिश के कारण किसानों को अब चैन वाले हार्वेस्टर से धान कटवाना पड़ेगा। जिसमें धान कटवाने की लागत डेढ़ गुना ज्यादा बढ़ जायेगी। जो किसान अपने फसल को सोमवार को धान खरीदी केद्रों में बेचने वाले थे, वे सोमवार को धान बेचने से वंचित भी हो सकते हैं। जैसे ही हल्की बारिश शुरू हुई, धान खरीदी प्रभारी सकते में हैं।
धान खरीदी केन्द्रों में आनन- फानन में रात में ही मजदूरों को बुलाकर स्टेग़ किए गए धान को कैप कव्हर से ढंका गया। सुबह तक सभी धाम खरीदी केंद्रों के स्टेग़ को कैप कव्हर से ढंक दिया गया है। यदि आज रात में बारिश होती है तो कल सोमवार को होने खड़े फसल की कटाई व्यवस्था और खरीदी दोनों की गुंजाइश कम है।
भूकेल धान खरीदी केंद्र प्रभारी जय प्रकाश बारिक ने बताया कि यदि बारिश नहीं हुई तो 2 दिसंबर को खरीदी हो पाएगी। अन्यथा सोमवार को भी खरीदी प्रभावित हो सकती है। आज शनिवार, रविवार 2 दिन अवकाश है। कल सोमवार को बसना, पिरदा, भंवरपुर,सांकरा कॉपरेटिव बैंक के सहकारी समितियों के खरीदी केंद्रों में सैकड़ों किसानों के टोकन कटे हैं।
मालूम हो कि 14 नवंबर से प्रारंभ हुई धान खरीदी के बावजूद अनेक केन्द्रों में धान की खरीदी नहीं हो पाई थी। धान खरीदी में गति 21 नवंबर से ही आई तो पुराने बारदानों की कमी के कारण धान खरीदी व्यवस्था प्रभावित होने लगी। अब बेमौसम बारिश सेदेरी की आशंका बनी हुई है।
ठंड के इस मौसम में बारिश से दलहन-तिलहन की फसल को फ ायदा बताया जा रहा है। सलाह दी जा रही है कि जिन किसानों ने गेहूं की फसल लगाई है, वे उसमें पानी ना छोड़ें।