महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,1 दिसंबर। महासमुंद नगर के स्वामी आत्मानंद शासकीय हिंदी माध्यम विद्यालय नयापारा में कल 30 नवंबर शनिवार को बैगलेस डे के तहत एक दिन पहले ही विश्व एड्स दिवस का आयोजन संस्था के प्रभारी प्राचार्य के आर सागर के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
जिसमें व्याख्याता हरीश पाण्डेय ने छात्रों को एड्स के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि विश्व एड्स दिवस की शुरुआत सबसे पहले 1988 में जेम्स डब्ल्यू बन्ना और थॉमस नेटर ने की थी। जो एड्स पर वैश्विक कार्यक्रम में विश्व स्वास्थ्य संगठन के लिए काम करने वाले दो सार्वजनिक सूचना अधिकारी थे। उन्होंने बेहतर मीडिया कवरेज सुनिश्चित करने और एचआईवी एड्स के बारे में लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए इस विचार की कल्पना की थी। और 1 दिसंबर को इसलिए चुना गया क्योंकि यह अमेरिकी चुनाव के बाद लेकिन छुट्टियों के मौसम से पहले ध्यान आकर्षित करने के लिए एक समय सीमा प्रदान करता था। एड्स का पूरा नाम एक्वायर्ड इम्यूलनो डेफिसिएंशी सिंड्रोम है और यह एक तरह का विषाणु है। साल 2020 तक एड्स ने दुनिया भर में 36.3 मिलियन लोगों की जान ले ली है। और अनुमानित 37.7 मिलियन लोग एचआईवी के साथ जी रहे हैं।
एड्स महामारी से मृत्यु दर 2004 में अपने चरम के बाद से 64 प्रतिशत से कम हो गई है। इससे बचने का एक ही उपाय है और वह जागरूकता है जिसमें लोगों को इसके विषय में जितनी ज्यादा सतर्कता तथा जानकारी होगी तभी इस गंभीर बीमारी से दुनिया को बचा सकते हैं। उक्त जानकारी के पश्चात छात्र-छात्राओं एवं संस्था के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने एड्स का लोगो बनाकर नारा स्लोगन लगा कर जागरूकता फैलाने का प्रयास किया। जिसमें संस्था के व्याख्याता, प्रणिता शर्मा, भामा प्रधान, प्रधान पाठक हेमलता शर्मा, मुक्ता चंद्राकर, सीमा इंगोले, विनीता साहू,
प्रधान पाठक विजयलक्ष्मी शर्मा, कुलेश्वर साहू आदि उपस्थित थे।