महासमुन्द

अवकाश के दिन भी धरनास्थल पर डटे रहे प्लेसमेंट कर्मी
01-Dec-2024 2:04 PM
अवकाश के दिन भी धरनास्थल पर डटे रहे प्लेसमेंट कर्मी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 महासमुंद,1 दिसंबर। ठेका पद्धति समाप्त करने, सीधे वेतन भुगतान सहित 4 सूत्रीय मांगों को लेकर जिलेभर के नगरीय निकायों के प्लेसमेंट कर्मचारी अनिश्चतकालीन हड़ताल पर हैं।

 बारहवें दिन भी कर्मियों की हड़ताल जारी रही। उनके हड़ताल से बिजली, पानी तथा सफाई व्यवस्था बूरी तरह चरमरा गई है। अब कर्मियों ने मूलभूत सुविधाओं को भी बंद कर दिया है। फलस्वरूप शहर में पेयजल जैसे सुविधाओं को लेकर लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। पटवारी कार्यालय के सामने प्लेसमेंट कर्मी अपनी मांगों को लेकर कल अवकाश के दिन भी कर्मी डटे रहे तथा शासन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। छग नगरीय निकाय प्लेसमेंट कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष हीरा चौहान ने बताया कि अन्य विभागों की तर्ज पर निकायों से वेतन भुगतान सीधे उनके खातों में किया जाए। महासंघ का कहना है कि विगत वर्षों से नगरीय निकायों में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों को शासन के अन्य विभाग जल संसाधन, पीडब्ल्यूडी, पीएचई व वन विभाग आदि की तर्ज पर निकायों से सीधे वेतन का भुगतान किए जाने हेतु समय-समय पर धरना-प्रदर्शन कर मांगों से शासन को अवगत कराते आ रहे हैं। लेकिन शासन.प्रशासन द्वारा कार्रवाई नहीं की गई है। जिससे छग के 184 निकायों में कार्यरत 20 हजार प्लेसमेंट कर्मचारी व उनके परिजनों में आक्रोश है।

उनका कहना है कि निकायों में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों को निकायों से सीधे वेतन भुगतान,श्रम सम्मान राशि सहित किये जाने पर शासन को  किसी भी प्रकार अतिरिक्त व्यय वहन नहीं करना पड़ेगा। शासन द्वारा हमारी मांगों को गंभीरता से नहीं लेने के कारण अनिश्चितकालीन हड़ताल पर  रहेंगे।

इस अवधि में क्षेत्र के समस्त, नगरीय निकायों में मूलभूत सुविधा जैसे सफाई कार्य, जल कार्य, विद्युत कार्य, कार्यालयीन कार्य, लोक सेवा  कार्य सब बंद रहेंगे। उन्होंने कहा कि मांगें यदि पूरी नहीं होती तो आंदोलन और भी उग्र होगा।


अन्य पोस्ट