महासमुन्द

वेडनर मेमोरियल स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी-आनंद मेला
01-Dec-2024 2:02 PM
वेडनर मेमोरियल स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी-आनंद मेला

बच्चों ने चलित एवं अचलित मॉडल,केले के पेड़ से सिलाई धागा बनाया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,1 दिसंबर
। वेडनर मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शनिवार को विज्ञान प्रदर्शनी, आनंद मेला एवं आर्ट एंड क्राफ्ट उत्सव बड़े उत्साह एवं आनंदमय वातावरण में मनाया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन शाला के मैनेजर रेव्ह. फ ादर जॉर्ज कवालम, प्राचार्य रेव्ह. फादर देवानंद बाघ द्वारा किया गया। बच्चों ने प्रस्तुत किए गए मॉडल में जीवनोपयोगी आवश्यक तत्वों की महत्वपूर्ण जानकारियां दी। 

शिक्षक हारून मसीह ने बताया कि अब वेडनर के विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ विज्ञान एवं हर प्रकार की गतिविधियों में शहर ही नहीं बल्कि जिले में भी काफ ी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। यहां के अनुभवी शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन मिल रहा है, जो एक अच्छे समाज एवं देश के निर्माण के लिए आवश्यक है।

इस विज्ञान प्रदर्शनी में बच्चों ने अपने हाथों से केले के पेड़ से सिलाई धागा बनाया। स्कूल के शिक्षकों ने कहा कि इस पर शोध किया जाए तो यह धागा कपड़े की सिलाई करने, कपड़े बनाने में एवं चिकित्सा के क्षेत्र में भविष्य में कारगार साबित हो सकता है। छात्रों ने मॉडल में दिखाया कि कैसे वाटर फिल्टर करके जल को शुद्ध बनाया जाता है, उत्सर्जन तंत्र, गुर्दे का कार्य,कोशिका विभाजन, न्यूटन के तीन नियम,ह्यूमाडायलिसिस, हाइड्रॉलिक लिफ्ट जिसमें कार को ऊंचाई वाले स्थान से भी लाया ले जाया जा सकता है। स्मार्ट ग्लास जो अंधे लोगों के लिए उपयोगी है जिसमें यदि रास्ते में कोई गाड़ी आ रही है तो उसका सिग्नल घंटी के माध्यम से पता चल जाता है। ह्यूमन डाइजेस्टिव सिस्टम, ऑटोमेटिक कूलर, विंड टरबाइन जो विद्युत के अभाव में बैटरी की सहायता से चलाया जा सकता है जैसे सभी मॉडलों को विद्यार्थियों ने बड़े ही कलात्मक ढंग से बनाया। 

इस दौरान बच्चों के द्वारा पवन चक्की से ऊर्जा निर्मित करने की वैज्ञानिक विधि प्रस्तुत की गई। स्मार्ट हाईटेक मॉडल जिसमें फॉर्म में आग लगने पर संकेत मिलने घर में आने वाले व्यक्ति का संकेत मोबाइल में घंटी बजने से हो जाता है जैसे मॉडलों को विद्यार्थियों ने बड़े ही सुंदर ढंग से बनाया था। इसके अतिरिक्त स्लाइड प्रोजेक्टर चंद्रयान.3, हार्वेस्टिंग सिस्टम आदि संयंत्रों को मॉडल में दिखाया गया।

इसी क्रम में बच्चों ने रोबोटिक्स के अद्भुत मॉडल बनाएं जैसे रोबोटिक क्लीनर, ऑटोमेटिक फायर प्रदर्शनी, टॉकिंग रोबोट, रोवर इन प्लेनेट, स्वाइल डिटेक्टर आदि शामिल थे। आर्ट एंड क्राफ्ट प्रदर्शनी में माचिस की तीली से फ्लावर पॉट, पिस्ता से हार्ड शेप, क्ले से ज्वालामुखी के दृश्य दिखाए। शाला के समस्त विद्यार्थी एवं प्रदर्शनी में भाग लेने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों ने इस चलित मॉडल का निरीक्षण कर हर्ष व्यक्त किया।

इस अवसर पर आनंद मेला भी रखा गया जिसमें हाउस इंचार्ज के मार्गदर्शन में बच्चों ने विभिन्न प्रकार के व्यंजन एवं खेल रखे। जिसका आनंद शाला के विद्यार्थी एवं पालकों ने उठाया। रेव्ह. फादर जार्ज कवालम, रेव्ह.फादर देवानंद बाघ ने विद्यार्थियों के द्वारा बनाए गए वैज्ञानिक गतिविधियों का अवलोकन कर उनके प्रयास की सराहना की एवं भविष्य में आगे बढ़ाने की कामना करते हुए विज्ञान शिक्षिक विनय गुप्ता, अवनीश श्रीवास्तव, हारून मसीह, शिक्षिका मिताली जैन,  हुमैरा जबीन,  रीमा निषाद तथा प्रदर्शनी में भाग लेने वाले समस्त विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त की। 

कार्यक्रम को सफल बनाने में समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का योगदान महत्वपूर्ण रहा।


अन्य पोस्ट