महासमुन्द

कानून पर भरोसा है, न्याय के लिए लड़ती रहूंगी, जनसेवा करती रहूंगी -राशि
30-Nov-2024 10:41 PM
कानून पर भरोसा है, न्याय के लिए लड़ती रहूंगी, जनसेवा करती रहूंगी -राशि

नपाध्यक्ष का आरोप-पालिका के भीतर मुझे पीटा गया, पुलिस ने उल्टा पति, बच्चों को ही आरोपी बना दिया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 30 नवम्बर। महासमुंद कांग्रेस भवन में कल आहुत एक पत्रकार वार्ता लेते समय नपाध्यक्ष राशि महिलांग रो पड़ीं। उन्होंने अपने हाथों में लगी चोटों को दिखाते हुए कहा कि जिस शहर की महिला नगर पालिकाध्यक्ष ही सुरक्षित नहीं है वहां की कोई भी महिला सुरक्षित नहीं है।

उन्होंने पुलिस पर शासन व प्रशासन के दबाव में होने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके साथ पालिका के भीतर मारपीट की गई है। मेरे साथ मारपीट हुई है तो मारपीट करने वाले पूर्व पार्षद पंकज साहू के विरूद्ध ही एफआईआर होना चाहिए। लेकिन पुलिस ने दबाव में आकर मेरे,मेरे पति,मेरे बेटे और साथियों के विरूद्ध अपराध पंजीबद्ध कर दिया।

श्रीमती महिलांग ने कहा कि जनता ने मुझे चुना है। इसलिए में जनता की सेवा करती रहूंगी। कानून पर मेरा पूरा भरोसा है। न्याय के लिए लड़ती रहूंगी। लेकिन शांत शहर में अब गुंडागर्दी की प्रथा शुरू हुई है। आज जो मेरे साथ पालिका में हुआ वो कल किसी भी दफ्तर में, किसी के भी घर में न हो, इसका मुझे डर है। इसे रोकना जरूरी है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेसाध्यक्ष दीपक बैज का आज फोन आया था। उन्होंने कहा कि राशि तुम अकेली नहीं हो। पूरी कांग्रेस तुम्हारे साथ है। ब्लॉक कांग्रेसाध्यक्ष खिलावन बघेल ने एक सवाल के जवाब में कहा कि श्रीमती महिलांग को न्याय व आरोपी को सजा दिलाने के लिए कांग्रेस जो करना पड़ेगा व सब करेगी।

घटनाक्रम के बारे में पालिकाध्यक्ष ने बताया-मैंंने देखा कि पंकज साहू पालिका के विभिन्न कक्षों में जा रहे थे। सीएमओ की अनुपस्थिति में उनके चेम्बर में बैठकर फाइलों को देख रहे थे। जब वे आवक-जावक शाखा में स्टाफ  की पुत्री से रिसिविंग ले रहे थे, तब मैंने उनसे सिर्फ  इतना पूछा था कि कैसे आए हो, क्या काम है। मैं सभी से मैं यह पूछती ही हूं। इतना पूछते ही पंकज ने कहा कि मैं जनप्रतिनिधि हंूं।  आ सकता हूं, तेरे बाप की पालिका है क्या? इस पर मैंने कहा ये कौन सा तरीका है, महिला के साथ बात करने का? इसके बाद उन्होंने मेरा गला पकड़ा और मुझसे मारपीट करने लगा। बीच-बचाव करने पूर्व नपाध्यक्ष पवन पटेल आए तो उनको भी पीटने लगा।

श्रीमती महिलांग ने कहा कि विवाद और मारपीट की जानकारी मिलते ही मेरे पति त्रिभुवन वहां पहुंचे। उन्होंने पंकज को पकडक़र रोकने की कोशिश की। पत्नी पर हमला होगा तो पति भला कैसे चुप बैठा रहेगा। श्री महिलांग ने भी पंकज पर हाथ उठाया। घटना के बाद सामने ही स्थित थाने गई। मेरे दोनों हाथों में चोट लगी थी। मेरी शिकायत पर एफआईआर नहीं की जा रही थी। शाम से मैं थाने के बाहर अपने पति व समर्थकों के साथ रात भर बैठी रही। तडक़े 4.30 बजे मुझे टीआई ने बताया कि आपकी रिपोर्ट पर एफआईआर तो रात 10.30 बजे ही हो गई थी।

उन्होंने कहा कि 10.30 बजे एफआईआर हो गई थी तो 6 घंटे ठंड में थाने के बाहर किसके निर्देश पर मुझे बिठाया गया। श्रीमती महिलांग ने पुलिस पर दबाव में होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पालिका के भीतर महिला नपाध्यक्ष से अभद्रता और मारपीट करने पर उसे कोई छोड़ता क्या? यदि सब पीटने बैठते तो सही सलामत निकल नहीं सकता था पंकज वहां से। श्रीमती महिलांग ने कहा कि सीएमओ शौचालय में थे और आरोपी ने उसके  दरवाजे की कुंडी लगा दी थी. जिसे हमने खोला। सीएमओ रिपोर्ट दर्ज कराने गये और थोड़ी देर बाद मुकर गये। कहा कि दरवाजे की कुंडी बाहर से नहीं लगी थी। यह सब दबाव में हो रहा है।

श्रीमती महिलांग ने पीसी के दौरान एक वीडियो पत्रकारों को दिखाया। वीडियो में उनका पुत्र विकास उर्फ विक्की बेड पर दिख रहा है। श्रीमती महिलांग ने रोते हुए बताया कि विक्की 5-6 साल से लकवाग्रस्त होने के कारण बेड रेस्ट पर ही है। पुलिस ने बिना जांच किए उसे भी आरोपी बना दिया है। उन्होंने सरकार पर जहां-जहां कांग्रेस के नपाध्यक्ष हैं, वहां विकास कार्यों के लिए आबंटन नहीं देती और ऐसे ही सताती है। उन्होंने कहा कि उन्हें कानून पर भरोसा है। न्याय के लिए वह लड़ती रहेगी।

श्रीमती महिलांग के साथ पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस भवन में ब्लॉक कांग्रेसाध्यक्ष खिलावन बघेल, पार्षद अमन चंद्राकर, रिन्कू चंद्राकर,बबलू हरपाल, सरला गोलू मदनकार, उर्मिला साहू, पूर्व पार्षद कपिल साहू, सिकंदर खान, सरपंच अन्नू चंद्राकर आदि मौजूद थे।


अन्य पोस्ट