महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 नवम्बर। छत्तीसगढ़ की एकमात्र महिला बटालियन 20वीं भा. रा. वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल महासमुंद की महिला आरक्षकों ने नागालैंड में आयोजित 7 दिवसीय राष्ट्रीय बैंड प्रतियोगिता में शामिल होकर तीसरा स्थान हासिल किया है।
यह वर्ष 2018 में भर्ती हुई 23 महिला आरक्षकों की टोली है जो देश के अलग-अलग राज्यों में हुए राष्ट्रीय बैंड प्रतियोगिता में अपना जौहर दिखा चुकी हैं।
इस राज्य पुलिस महिला बैगपाइपर बैंड की टीम 20वीं वाहिनी छग सशस्त्र बल, महासमुंद का प्रशिक्षण वर्ष 2022 पंचकुला हरियाणा में हुआ था।
वर्ष 2023 में गुजरात में आयोजित 24वें अखिल भारतीय बैंड प्रतियोगिता में 4 दिसंबर 2023 से 8 दिसंबर 2023 तक भाग लेकर चौथा स्थान हासिल किया था। हार नहीं मानी और बैगपाइपर टीम ने बैंड पर सतत अभ्यास जारी रखा।
हाल ही में 16 से 22 नवंबर 24 तक असम रायफल ट्रेनिंग सेंटर दीमापुर, नागालैंड में संचालित 25वें अखिल भारतीय पुलिस बैंड कॉम्पटिशन 2024 में इस महिला बैंड टीम की कुल 23 महिला स्टाफ ने पार्टिसिपेट किया और इस बार वे तीसरे स्थान पर रहीं। इस बैंड टीम का नेतृत्व महिला आरक्षक सोनबती ठाकुर ने किया।