महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 नवंबर। महासमुंद जिले में खरीफ विपणन वर्ष हेतु समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य पूर्ण सरलता से चल रहा है। बीते 27 नवम्बर तक जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अंतर्गत 182 उपार्जन केन्द्रों में कुल 23.285 किसानों से 1 लाख, 12 हजार 298.16 टन धान खरीदी गई। जिसका मूल्य 258 करोड़ 28 लाख 59 हजार रुपए है।
खरीदी के दौरान 38 केन्द्रों पर 3000 क्विंटल से कम और 103 केन्द्रों पर 5000 क्विंटल से कम धान की खरीदी हुई. बावजूद इसके कुल खरीदी में शानदार वृद्धि देखी गई। 4517 किसानों ने स्वस्फूर्त रकबा समर्पित किया है। बारदाना की आपूर्ति भी इस बार उच्चतम स्तर पर रही। 83,96,792 नग बारदाना प्राप्त हुए हैं और 53,16,694 नग बारदाना उपार्जन केन्द्रों में शेष हैं। जिला प्रशासन द्वारा सहकारी समिति शेर में की गई बेहतर व्यवस्थाओं और टोकन तुंहर हाथ ऐप की सुविधा ने किसानों के लिए धान की बिक्री को और भी सरल बना दिया है।
अब किसान घर बैठे ही अपना टोकन काट सकते हैं और आसानी से धान की बिक्री कर रहे हैं। शेर धान खरीदी केन्द्र में किसानों के लिए विशेष सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। जैसे बैठक, पेयजल, शौचालय और सीसीटीवी कैमरे सहित बायोमेट्रिक मशीन और इलेक्ट्रॉनिक तराजू की व्यवस्था से किसान निश्चिंत होकर अपनी धान की बिक्री कर रहे हैं।