महासमुन्द

खैरझिटी समेत दर्जन भर गांवों की धान फसल उद्योग के प्रदूषण से खराब, चावल भी बदरंग, सोसायटियां खरीदने में आनाकानी कर रही
29-Nov-2024 2:15 PM
खैरझिटी समेत दर्जन भर गांवों की धान फसल उद्योग के प्रदूषण से खराब, चावल भी बदरंग, सोसायटियां खरीदने में आनाकानी कर रही

दर्जन से अधिक गांवों में पौधे, छत काले हुए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 29 नवंबर। करणी कृपा स्टील प्लांट से निकले धुएं से जिले खैरझिटी व उसके आसपास के 14-15 गांवों में खेतों में धान की फसल काली पड़ गई है। धान के बीजों को रगडऩे पर निकले चावल के दाने का रंग काले बदरंग हैं। लिहाजा इसे खरीदी में अयोग्य माना जा रहा है। ऐसे धान को सोसायटी ही नहीं बल्कि राइस मिलर भी खरीदने से मना कर रहे हैं।

  गौरतलब है कि साल भर से अधिक समय से वहां के किसान और किसान नेता वहां स्थित करणीकृपा स्टील एंड पावर प्लांट से प्रदूषण फैलने तथा प्लांट में कथित अनियमितताओं को लेकर विरोध करते आ रहे हैं। लेकिन किसानों की समस्या जस की तस है।

अब तो किसानों की साल भर की मेहनत और लागत पर भी पानी फिरता दिख रहा है। खैरझिटी व आसपास के गांवों में धान फसल को देखकर किसान हैरान हैं।

सोचा था कि कम से कम चावल का रंग तो सफेद ही होगा। लेकिन चावल के दाने भी बदरंग या काला हैं। बात तब और गंभीर हो गई है जब तुमगांव सोसायटी में इस धान को लेने में हीला-हवाला किया जाने लगा। जब किसानों ने दबाव बनाया तो शपथ पत्र लेकर धान खरीदना शुरू किया गया। उक्त शपथ पत्र में इस बात की शपथ किसान ले हैं रहे हैं कि उनका धान स्वीकार नहीं किया गया तो वे वापस ले जाएंगे।

खैरझिटी के किसान नंदकिशोर यादव ने बताया कि खैरझिटी समेत आसपास के 14-15 ग्रामों में धान की फसल इसी तरह है। खेतों में ही फसल काली पड़ गई है। चावल के दानों का रंग भी सफेद नहीं है। उन्होंने बताया कि बुधवार को खैरझिटी के किसान सहदेव पिता केजऊ करीब 140 कट्टा धान लेकर पहुंचे थे। इसी गांव के भूखन पटेल 110 कट्टा धान लेकर आए थे। उनके साथ यही स्थिति सोसायटी में निर्मित हुई। पहले तो सोसायटी प्रबंधन ने क्वालिटी देखकर धान लेने से मना कर दिया। बाद में किसानों ने दबाव बनाया तो शपथ पत्र के साथ उन्होंने धान लेना स्वीकार किया। तुमगांव के किसान नेता चैनूराम साहू ने बताया कि आसपास के 14-5 गांवों में यही हाल है। उक्त प्लांट के प्रदूषण से फसल प्रभावित हुई है। फसल काली पड़ गई है। काले व भूरे रंग की परत फसल पर जम गई है। सभी खेतों में यही हाल है। अकेले खैरझिटी गांव की 6-7 हजार एकड़ फसल प्रभावित हुई है। इसके अलावा मालीडीह, पिरदा, परसाडीह, जोबा, अछरीडीह, बेलटुकरी, अछोला, भोरिंग, कुकराडीह, तुमगांव आदि गांवों की फसल प्रभावित हुई है।  किसानों का कहना है कि फसल तो फसल घर में सुखाने के लिए रखे गए बड़ी या अन्य सामग्रियों पर काले रंग की परत चढ़ जाती है। पेड़ पौधों के पत्तों, घर की छतों में काला रंग चढ़ जाता है। बीते रबी सीजन के दौरान भी यह समस्या आई थी। लेकिन तब प्रदूषण का प्रभाव कम था। अब प्रदूषण बढ़ता ही जा रहा है।

विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा भी कल तुमगांव सोसायटी में किसानों से भेंट करने पहुंचे थे। इस दौरान खैरझिटी व आसपास के गांवों के किसानों ने किसान नेता चैनूराम साहू के साथ यह मसला विधायक के समक्ष रखा था।

विधायक श्री सिन्हा को किसानों ने सोसायटी में बेचने के लिए लाए गए धान को दिखाया। काले पड़े धान को देखकर विधायक श्री सिन्हा ने भी चिंता जताई। उनके साथ रहे पिटियाझर सोसायटी अध्यक्ष रमेश साहू ने धान को रगडक़र देखा तो चावल के दाने काले निकले। स्थिति देखकर विधायक श्री सिन्हा ने तत्काल उद्योग सचिव छग शासन रजत कुमार और श्रम सचिव व कलेक्टर विनय कुमार लंगेह से बात कर वस्तुस्थिति से अवगत कराया। उन्हें बताया कि किसानों का धान नहीं लिया जाएगा तो किसानों के परिवार का गुजारा कैस चलेगा। श्री सिन्हा ने करणी कृपा स्टील एंड पावर प्लांट से किसानों को उनकी फसल का मुआवजा दिलाने के लिए बात करने का अनुरोध उच्चाधिकारियों से किया। गौरतलब है कि सांसद महासमुंद रूपकुमारी चौधरी पहले ही उक्त प्लांट को अवैध बता चुकी है। इसके अलावा हाल ही में उन्होंने उक्त प्लांट प्रबंधन की मनमानी, नियम विरूद्ध कार्य, निजी एवं शासकीय भूमि का नियम विरूद्ध अधिग्रहण, जल संसाधनों का दुरुपयोग आदि की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। पहले उक्त प्लांट में प्रबंधन की लापरवाही के चलते 2 युवकों की मौत हुई थी। एक युवक बुरी तरह झुलस गया था जिसका मुआवजा भी अभी तक पावर प्लांट ने नहीं दिया है।


अन्य पोस्ट