महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 नवंबर। जिले के बसना थाना के ग्राम बिटांगीपाली खार स्थित अपने खेत में धान बीड़ा बांधने गए दंपति से एक युवक ने पैसे की मांग की। पैसा नहीं देने पर युवक ने दंपति पर प्राणघातक हमला कर दिया। इस हमले में पति की मौत हो गई। हत्या के बाद युवक महिला को घायल कर उसके गले से सोने का हार छीनकर भाग गया। अज्ञात आरोपी समाचार लिखते तक फरार है। आरोपी युवक द्वारा पैसे की मांग करते हमले की बात गंभीर रूप से घायल और मृतक की पत्नी ने पुलिस को बताते हुए गांव के एक युवक का नाम लिया है।
परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार बरातु पटेल अपनी पत्नी द्रौपदी पटेल के साथ 27 नवंबर बुधवार की सुबह 8 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग 53 फ ोरलेन से लगे अपने खेत में धान का बीड़ा बांधने गए हुए थे। शाम सात बजे तक नहीं लौटने पर परिजन और गांव के लोग आसपास के खेतखार में पतासाजी की। देर रात तक उनका कहीं पता नहीं चला। घर लौटने के बाद परिजन दोबारा सडक़ के उस पार उनके खेत की ओर गए, तब रात के लगभग 11 बजे थे। तभी परिजनों को घटनास्थल राष्ट्रीय राजमार्ग-53 फ ोरलेन बिटांगीपाली के पास खेत में किसी महिला के रोने की आवाज सुनाई दी।
परिजनों ने नजदीक जाकर देखा तो पता चला कि बरातु पटेल पिता उमर पटेल की किसी अज्ञात व्यक्ति ने गला रेत कर हत्या कर दी है, वहीं उसकी पत्नी का गले का नस कटने से गंभीर रूप से घायल है। परिजनों ने पुलिस 112 एंबुलेंस को फोन से सूचना दी। पुलिस 112 की टीम घटनास्थल पहुंची। वहां से बेसुध बरातु पटेल और गंभीर रूप से घायल द्रौपदी पटेल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना ले जाया गया। जहां परीक्षण उपरांत बरातु पटेल को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। जबकि उसकी पत्नी द्रोपदी पटेल को प्राथमिक उपचार के बाद उसके गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रायपुर रिफ र किया है जहां उसका उपचार जारी है।
परिजनों ने बताया कि उन्हें गांव के ही एक युवक पर संदेह है। जिसका नाम गंभीर रूप से घायल द्रोपदी पटेल ने ली है। फिलहाल बसना पुलिस मामले की जांच करने में जुटी हुई है। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने बरातु पटेल के शव को पंचनामा कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए चीर घर बसना भेजा। शव को परिजनों को सौंप दिया गया है।