महासमुन्द

सडक़ हादसे में तीन मौतें, उत्तेजित लोगों का चक्काजाम, घंटों फंसी रही सैकड़ों गाडिय़ां
29-Nov-2024 1:47 PM
सडक़ हादसे में तीन मौतें, उत्तेजित लोगों का  चक्काजाम, घंटों फंसी रही सैकड़ों गाडिय़ां

देर रात तक मुआवजे की बात नहीं बनी, अंतिम संस्कार 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 नवम्बर।
गुरुवार को सडक़ दुर्घटना में तीन युवकों की मौत के बाद देर शाम चक्काजाम हटाया गया, लेकिन मुआवजे की बात अंत तक नहीं बन सकी है। हालांकि देर शाम शवों को परिजनों ने अपने-अपने निवास तक लाया तो बमुश्किल यातायात व्यवस्था कायम हो सकी। शुक्रवार को अंतिम संस्कार किया गया। 

कल चक्काजाम के दौरान आसपास के गांवों से सैकड़ों की संख्या में लोग घटनास्थल पहुंचे थे। दोनों ओर की सडक़ पर सैकड़ों वाहन जाम में फंसे हुए रहे। प्रशासन ने राष्ट्रीय राजमार्ग 53 को डाइवर्ट कर भंवरपुर मोड़ से होते हुए भंवरपुर, उमरिया, घ्ंाटेश्वरी सरायपाली की ओर वाहन को रवाना किया। कई दौर की बातचीत के बाद भी मुआवजा राशि तय नहीं हो पाई। महिलाएं रोते बिलखते लगातार अधिकारियों से न्याय दिलाने की गुहार करती रहीं। 

पहले टोल प्लाजा प्रबंधन सिर्फ  इंश्योरेंस की राशि परिजनों को देने के लिए तैयार थे। बाद में 50-50 हजार उनके परिजनों को देने की बात हुई, फिर भी बात नहीं बनी। शाम 6.15 बजे अनेक दौर के बातचीत के बाद एक-एक लाख रुपए मुआवजा राशि और इंश्योरेंस की राशि देने की बात होती रही।  

अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मनोज खांडे, बसना तहसीलदार ममता ठाकुर, बसना थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह राजपूत, बसना सरायपाली, पिथौरा, बलौदा, भंवरपुर चौकी के पुलिस प्रभारी एवं पुलिस बल मौके पर मौजूद थे। शाम 6.17 बजे चक्काजाम हटाया गया। इसके बाद आवागमन शुरू हुआ। 

मालूम हो कि गलत साइड से गुजर रहे तेज रफ्तार पिकअप ने कल दोपहर एक मोटर साइकिल को ठोकर मार दी। इस दुर्घटना में मोटर साइकिल सवार तीन युवकों की मौत हो गई। युवकों की मौत के बाद परिजनों ने नेशनल हाइवे-53 पर छुईपाली टोल प्लाजा के पास शव को सडक़ पर रखकर चक्काजाम कर दिया। नेशनल हाइवे के दोनों ओर वाहनों की लगी कतार लग गई। मौके पर पुलिस लोगों को समझाने का प्रयास करती रही। देर शाम तक ग्रामीण मांगों पर अड़े रहे। 

जानकारी अनुसार नेशनल हाइवे-53 फ ोरलेन में छुईपाली सिंघनपुर के पास प्रतिदिन की तरह सरायपाली से बढ़ई का काम कर तीन युवक अपने घर लौट रहे थे। मोटरसाइकिल सवार इन तीन कारपेंटर युवकों को छुईपाली टोल प्लाजा के पास एक पिकअप ने तेज रफ्तार लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाते हुए सामने से ठोकर मार दी। इससे अजय उर्फ  मुकेश साहू पिता त्रिलोचन साहू, प्रशांत बारीक पिता अमृतलाल बारीक और दु:खनाशन बारीक पिता नकुल बारीक  की मौत हो गई। दु:खनाशन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। अजय उर्फ  मुकेश साहू इलाज के लिए अस्पतला ले जाते समय मौत हो गई। वहीं प्रशांत बारीक का अस्पताल से रेफर करने के बाद अन्य अस्पताल में मौत हो गई। 

मौत के बाद नाराज परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर नेशनल हाइवे 53 पर चक्काजाम कर दिया। दोपहर 12 से शाम 6:17 बजे तक नेशनल हाइवे दोनों तरफ जाम रहा। बसना पुलिस मर्ग कायम कर जांच में जुटी रही।

मालूम हो कि इस घटना के एक दिन पहले ही पटेवा थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगलवार की रात एनएच-53 पर बाइक सवार को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। इस दुर्घटना में मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई थी। मंगलवार रात साढ़े 10 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली झलप से पतेरापाली जा रही थी। बाइक सवार को बचाने में संतुलन बिगड़ गया।

साल 2022 में 457 दुर्घटनाएं हुई थी। इसमें 274 लोगों की मौत हुई, 350 घायल हो गए। वहीं 2023 में 482 दुर्घटनाएं हुई, 301 लोगों की मौत हई। अब तक 2024 में 392 दुर्घटनाएं हो चुकी है, 229 की मौत हो गई है।


अन्य पोस्ट