महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 25 नवंबर। विकासखंड के ग्राम डोंगरीपाली में शनिवार को मितानिन दिवस हर्ष और उल्लास से मनाया गया। इस अवसर पर क्षेत्र की 35 मितानिनों को उनके सराहनीय कार्यों और ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
ग्राम पंचायत डोंगरीपाली द्वारा आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों और मितानिनों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। इस दौरान महासमुंद जिला भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के महामंत्री दुलीकेशन साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उन्होंने मितानिनों को साड़ी और श्रीफल देकर सम्मानित किया और उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने अपने संबोधन में मितानिनों को ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ बताते हुए कहा, मितानिनें सिर्फ एक स्वास्थ्य कार्यकर्ता नहीं, बल्कि अपने समर्पण और मेहनत से समाज में एक मिसाल पेश कर रही हैं। उनके प्रयासों के कारण ही स्वास्थ्य सेवाएं आज ग्रामीण इलाकों तक पहुंच पा रही हैं। उनका योगदान अतुलनीय है।
श्री साहू ने मितानिनों के काम की सराहना करते हुए कहा, आपका कार्य न सिर्फ स्वास्थ्य सेवाओं को जमीनी स्तर पर लाने का है, बल्कि आप हर रोज़ जीवन और मृत्यु के बीच जूझते हुए स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करती हैं। आपके योगदान से ही आज हमारे गांवों में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हो रही हैं।
मितानिनों का योगदान
और अनुभव
कार्यक्रम के दौरान मितानिनों ने अपने अनुभवों को साझा किया और बताया कि वे किस तरह से सीमित संसाधनों के बावजूद ग्रामीणों में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी रूप से प्रदान करने के लिए काम कर रही हैं। मितानिनों ने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए कुछ सुझाव भी दिए, जिनमें जागरूकता कार्यक्रमों को बढ़ावा देने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की सुविधाओं को बेहतर बनाने और स्वास्थ्य शिक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने की आवश्यकता बताई।
वहीं ग्रामीणों ने भी उत्साह से मितानिनों का सम्मान किया और उनके कार्यों को सराहा। ग्रामीणों ने कहा कि मितानिनों की मेहनत और समर्पण से ही ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार आया है।
कार्यक्रम के समापन पर ग्रामीणों ने मितानिनों को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया और उनके स्वास्थ्य संबंधी कार्यों में मदद करने का संकल्प लिया।